कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर तीखी बयानबाजी देखने को मिली है। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर बड़ा हमला बोलते हुए उन्हें “पार्ट टाइम CM” करार दिया। हुड्डा ने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार प्रदेश की जमीनी समस्याओं को सुलझाने में विफल साबित हो रही है, जबकि मुख्यमंत्री पड़ोसी राज्यों के मुद्दों पर ज्यादा सक्रिय नजर आते हैं।
दीपेंद्र हुड्डा ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, “खुद के घर में आग लगी है, लेकिन साहब पड़ोस का धुआं देखकर परेशान हो रहे हैं।” उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में नशाखोरी और अपराध की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। सांसद ने विशेष रूप से सिरसा, अंबाला और कैथल जैसे जिलों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि नशे का जाल गांवों और शहरों तक फैल चुका है, जिससे रोज परिवार तबाह हो रहे हैं और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
कांग्रेस सांसद ने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। हुड्डा ने आरोप लगाया कि ड्रग माफिया और गैंगस्टर खुलेआम सक्रिय हैं तथा सड़कों पर खून-खराबे की घटनाएं चिंता का विषय बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध नियंत्रण और नशा तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई के बजाय सरकार प्राथमिकताओं से भटकती नजर आती है। हुड्डा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि “हरियाणा का सीना छलनी हो चुका है, लेकिन मुख्यमंत्री पंजाब के जख्म गिनने बैठ जाते हैं।”
हुड्डा ने सरकार से मांग की कि प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए, गैंगस्टर नेटवर्क पर सख्ती हो और युवाओं को नशे से बचाने के लिए ठोस नीति बनाई जाए। उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर कानून-व्यवस्था और युवाओं के भविष्य को प्राथमिकता देनी चाहिए।
हालांकि, सरकार की ओर से पहले भी यह दावा किया जाता रहा है कि हरियाणा में नशा तस्करी और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां विभिन्न जिलों में कार्रवाई कर रही हैं। ऐसे में दीपेंद्र हुड्डा के “पार्ट टाइम CM” वाले बयान ने प्रदेश की सियासत को नया मुद्दा दे दिया है और आने वाले दिनों में इस पर राजनीतिक घमासान और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

