सिरसा। जिले के डबवाली उपमंडल में शनिवार रात डायल 112 (ERV) की गाड़ी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। ओढ़ां थाने की यह गाड़ी गांव रामगढ़ से राजपुरा रोड पर गश्त कर रही थी। हादसे के वक्त गाड़ी में ड्राइवर समेत तीन पुलिसकर्मी सवार थे।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम एक इमरजेंसी कॉल (इवेंट) अटेंड करने के बाद ओढ़ां थाने की ओर लौट रही थी। इसी दौरान रामगढ़ से राजपुरा रोड पर पहुंचते ही अचानक गाड़ी के बोनट से तेज चिंगारियां निकलने लगीं।
देखते ही देखते लपटों में घिरी गाड़ी
चिंगारियां निकलती देख ड्राइवर ने गाड़ी रोक दी। इससे पहले कि पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, आग तेजी से फैल गई और पूरी गाड़ी लपटों में घिर गई। खतरे को भांपते हुए तीनों पुलिसकर्मियों ने तुरंत गाड़ी से बाहर छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई।
हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। गनीमत रही कि इस हादसे में तीनों पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


