विनोद सैनी, हिसार। हरियाणा के हिसार में बुधवार देर रात कांवड़ियों की भीड़ के बीच फायरिंग की घटना से अफरा-तफरी मच गई। दयानंद कॉलोनी में बाइक सवार 5 से 6 नकाबपोश बदमाशों ने भीड़ पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब 6 राउंड गोलियां चलाईं। घटना में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए।

पति-पत्नी और 12 साल की बेटी घायल

फायरिंग में गोविंद (36), उनकी पत्नी निशा (30) और 12 वर्षीय बेटी बीरा उर्फ गुन्नू गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तुरंत जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल तीनों की हालत खतरे से बाहर है।

कांवड़ यात्रा के लिए भांजे को छोड़ने आया था परिवार

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गोविंद अपने परिवार के साथ भांजे को कांवड़ यात्रा के लिए छोड़ने आया था। इसी दौरान बदमाशों ने बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर भगदड़ मच गई।

फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

दो संदिग्धों की पहचान होने का दावा

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में दो संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। दोनों के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

जांच जारी, आगे बढ़ सकती है जानकारी

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक यही जानकारी सामने आई है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में नई जानकारी सामने आ सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m