खूंटी। खूंटी में अपराधियों ने व्यवसायी से लेवी वसूलने के लिए दहशत फैलाने की कोशिश की है। शहर के भगत सिंह चौक स्थित व्यवसायी और संवेदक अमित साहू के पेट्रोल पंप पर बुधवार रात बाइक सवार दो नकाबपोश पहुंचे और फायरिंग कर दी। इसके बाद आरोपी PLFI के नाम से धमकी भरा पर्चा छोड़कर फरार हो गए।

घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की है। पेट्रोल पंप परिसर में गोली चलने से कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इस फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

दो दिन में 10 लाख देने का फरमान

पेट्रोल पंप पर छोड़े गए पर्चे में PLFI के कथित जोनल कमांडर राजेश यादव का नाम लिखा गया है। पर्चे के जरिए दो दिनों के भीतर 10 लाख रुपये संगठन को देने की मांग की गई है। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है।बताया गया कि घटना के वक्त पेट्रोल पंप संचालक अमित साहू मौके पर मौजूद नहीं थे।

पहले भी धमकी मिलने का दावा

अमित साहू ने पुलिस को बताया है कि उन्हें मार्च-अप्रैल के दौरान PLFI के नाम से दो-तीन बार धमकियां मिल चुकी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ वर्ष पहले परवल स्थित उनके आवास पर हमला किया गया था। बुधवार की घटना के बाद उन्होंने पुलिस को लेवी की मांग और फायरिंग की पूरी जानकारी दी।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

फायरिंग की सूचना मिलते ही SDPO मंगल सिंह जमुदा और सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को एक खोखा और PLFI के नाम से छोड़ा गया पर्चा मिला।

पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। इसमें दो युवक बाइक से आते और फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। दोनों ने गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था।

PLFI के नाम का इस्तेमाल कर रहा स्थानीय गिरोह?

पुलिस इस घटना में कई एंगल से जांच कर रही है। सदर थाना प्रभारी के मुताबिक खूंटी क्षेत्र में PLFI की गतिविधियां काफी कमजोर हो चुकी हैं और संगठन के कई बड़े उग्रवादी जेल में हैं। ऐसे में पुलिस को शक है कि किसी स्थानीय आपराधिक गिरोह ने वसूली के लिए PLFI के नाम का इस्तेमाल किया हो।

फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश जारी है।