फिरोजाबाद. उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रविवार 25 अक्टूबर की रात दर्दनाक हादसा हो गया. नसीरपुर थाना क्षेत्र के छटनपुर गांव में तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने टेसू-झेंझी का विसर्जन करने जा रहे लोगों को कुचल दिया. हादसे में तीन लड़कियों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए. घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं. हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कार में सवार चार लोगों की पिटाई कर दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें भीड़ से बचाया.

इसे भी पढ़ें- रिश्तेदार नहीं ‘दानव’: गेस्ट हाउस ले जाकर मौसा ने पार कीं हैवानियत की हदें, विरोध करने पर आंखें कर दीं जख्मी

कुएं के पास विसर्जन कर रहे थे लोग

हादसा रात करीब नौ बजे बेटेश्वर मार्ग पर हुआ. गांव की लड़कियां सड़क किनारे बने कुएं के पास टेसू-झेंझी का विसर्जन कर रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने एक लड़की को टक्कर मार दी. इसके बाद ग्रामीणों ने कार को रोकने की कोशिश की. आरोप है कि चालक ने कार पीछे की और तेजी से भगाने लगा. इस दौरान सड़क पर मौजूद कई लोग उसकी चपेट में आ गए.

तीन लड़कियों समेत पांच लोगों की मौत

हादसे में अंजली (15), आकांक्षा (15), हरीश कुमार (25), बबली (17) और गुन्नू (10) की मौत हो गई. वहीं, 10 लोग घायल हुए हैं. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर भेजा गया. मृतकों के परिजनों ने अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने समय पर मदद नहीं की.

कार सवारों को भीड़ ने पीटा

कार में दिल्ली के वजीरपुर निवासी गुरफान, इरफान, देवेश और जगदीश सवार थे. कार जगदीश चला रहा था. चारों एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि चालक ने शराब पी रखी थी. हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कार में तोड़फोड़ की और चारों की पिटाई कर दी. पुलिस ने उन्हें भीड़ से छुड़ाया. अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से जानकारी ली.

इसे भी पढ़ें- लखनऊ में अजीबोगरीब मामला: प्रेमिका को घुमाने के लिए चाहिए थे पैसे, युवक ने रची खुद के किडनैपिंग की झूठी कहानी

क्या होता है टेसू-झेंझी का त्योहार?

टेसू-झेंझी ब्रज और बुंदेलखंड में मनाई जाने वाली पारंपरिक लोक परंपरा है. इसमें टेसू को दूल्हे और झेंझी को दुल्हन के प्रतीक के रूप में सजाया जाता है. टेसू आमतौर पर बांस की लकड़ियों से बनाया जाता है, जबकि झेंझी मिट्टी की मटकी या गुड़िया होती है. दोनों के प्रतीकात्मक विवाह की रस्म निभाई जाती है. इसके बाद विसर्जन किया जाता है. लोकमान्यता में इस परंपरा को महाभारत के वीर बर्बरीक की कथा से भी जोड़ा जाता है.