गुलशन कुमार, नारनौल। हरियाणा के नारनौल में सामाजिक सरोकार और मानव सेवा की एक बेहतरीन मिसाल देखने को मिली है। कोरियावास स्थित महर्षि च्यवन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं राव तुलाराम अस्पताल में आज एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। उदय सिंह शिक्षण न्यास की तरफ से लगाए गए इस पहले ब्लड डोनेशन कैंप को स्थानीय लोगों का भरपूर समर्थन मिला। शिविर में युवाओं से लेकर महिलाओं तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसके चलते कुल 51 यूनिट ब्लड इकट्ठा किया गया।

जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान है रक्तदान: डॉ. विजेंद्र सिंह

मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. विजेंद्र सिंह ढिल्लों ने इस सफल आयोजन पर खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि इस कैंप को कामयाब बनाने में कॉलेज के डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ और आसपास के ग्रामीणों ने बहुत उत्साह दिखाया। उन्होंने कहा कि समय पर मिला रक्त किसी भी गंभीर मरीज के लिए जीवनदान साबित होता है। ऐसे सामाजिक आयोजन समाज में एक-दूसरे की मदद करने की भावना को और मजबूत करते हैं। इस कैंप को पूरा करने में नारनौल के सीएमओ ऑफिस और रेड क्रॉस सोसाइटी की टीम का भी बड़ा योगदान रहा।

महिलाओं और होमगार्ड के जवानों ने भी दिखाए सेवा भाव

उदय सिंह शिक्षण न्यास के प्रतिनिधि हुकम सिंह ने बताया कि इस शिविर की सबसे अच्छी बात यह रही कि इसमें महिलाओं ने भी पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और रक्तदान किया। इसके साथ ही अस्पताल की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड के जवानों ने भी अपनी ड्यूटी के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए ब्लड डोनेट किया। हुकम सिंह ने कहा कि रक्तदान एक महादान है और हर स्वस्थ इंसान को इसमें आगे आना चाहिए।

भविष्य में भी लगते रहेंगे ऐसे कैंप

कैंप के सफल होने पर हुकम सिंह ने मेडिकल कॉलेज के प्रशासन, डॉक्टरों, रेड क्रॉस की टीम और विशेष रूप से निदेशक डॉ. विजेंद्र सिंह ढिल्लों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि संस्था आगे भी इस तरह के जनहित और समाज सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी ताकि आम जनता के बीच ब्लड डोनेशन को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा सके। कैंप में हिस्सा लेने वाले सभी लोगों ने भविष्य में भी इस तरह के पुनीत कार्य में सहयोग करने का संकल्प लिया।