सतीश सिंह, लखनऊ. अयोध्या में निषाद समाज के कार्यक्रम के दौरान कथित मछली भोज को लेकर आ रही खबरों ने राजनीतिक विवाद का रूप ले लिया है. इस मसले उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा अगर मछली के खाने की बात साबित कर दे तो वह राजनीति से सन्यास ले लेंगे.

दरअसल, सोमवार को रायबरेली में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अयोध्या में हनुमान गढ़ी के दर्शन करने जाते हैं और फिर मछली भोज की दावत उड़ाते हैं. ये राम-राम चिल्लाते हैं. बेशर्मी की भी सीमा होती है. किसने कहा था हनुमानगढ़ी जाने के लिए और मछली खानी थी तो अयोध्या के बाहर जाकर खा लेते. मुख्यमंत्री के आरोपों पर पलटवार करते हुए अजय राय ने कहा कि यदि उनकी मछली खाते हुए तस्वीर है तो उसे जारी किया जाए. उन्होंने कहा कि आरोप साबित हो जाने पर वह तत्काल अपने पद से इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं.

इसे भी पढ़ें : ‘मुंह में राम, बगल में छुरी!’ कांग्रेस के कार्यक्रम में मछली परोसने का दावा, सनातन रक्षक संघ ने लगाया आरोप

गौरतलब है कि रविवार को अयोध्या में निषाद समाज की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. कार्यक्रम के बाद वहां मछली पकाए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. जिसके बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधना शुरू कर दिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस मामले को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला.