प्रदीप गुप्ता, कवर्धा। कबीरधाम जिले के नंदनी कुमान गांव में पांच आदिवासी बैगा बच्चों की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। कांग्रेस इस मामले को लेकर सरकार और प्रशासन पर हमलावर है। चार दिन पहले कांग्रेस की सात सदस्यीय जांच टीम के बाद आज आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों और ग्रामीणों से मुलाकात कर गांव की स्थिति जानी। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, कुपोषण और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सवाल उठाए और सरकार पर निशाना साधा।

इसे भी पढ़ें – 5 बैगा आदिवासी बच्चों की मौत से हड़कंप: 16 बच्चे अस्पताल में भर्ती, घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग की टीम कर रही जांच

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि आदिवासी बैगा परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ जमीन पर नहीं पहुंच रहा है। गांव में कुपोषण और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति गंभीर है। वहीं पांच बच्चों की मौत के मामले में भी लापरवाही की आशंका को गंभीरता से जांचने की जरूरत है।
मामले की निष्पक्ष जांच हो : कांग्रेस
कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस मुद्दे को प्रदेश के साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी उठाया जाएगा। अब सवाल यह है कि पांच बच्चों की मौत के मामले में जांच कब पूरी होगी, जिम्मेदारी किसकी तय होगी और आदिवासी परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार क्या कदम उठाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

