सोहराब आलम, मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी से दिल को दहला देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के 5 लोगों की पोखर में डूबने से मौत हो गई। इनमें एक महिला और उसके चार बच्चे शामिल हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पूरा मामला गोविंदगंज थाना क्षेत्र के बभनौली पंचायत का बताया जा रहा है।

घटना की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं

मृतकों की पहचान बभनौली पंचायत के वार्ड नंबर 6 के निवासी धर्मेंद्र महतो की पत्नी सुशीला देवी के रूप में हुई है। वहीं, उनके चार बच्चों की मौत हो हुई है, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। हालांकि किस परिस्थिति में यह घटना हुई इसे लेकर अभी तक कोई ठोस वजह सामने नहीं आ पाई है। ग्रामीणों के अनुसार कुछ लोग इसे पारिवारिक कलह का परिणाम बता रहे हैं, तो कुछ लोग पशुओं को चारा काटने के दौरान घटी घटना।

पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद

ग्रामीणों के मुताबिक बीते गुरुवार की शाम मृतक महिला का अपने पति के साथ किश्त का पैसा जमा नहीं करने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान ससुर ने बेटे का पक्ष लेते हुए बहू को काफी कुछ भला बुरा सुनाया, जिससे आहत होकर महिला शाम को ही अपने चारों बच्चों को साथ लेकर घर से निकल गई।

परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल सका। इस बीच आज शुक्रवार की दोपहर गांव के ही पोखर में तीन-चार शव तैरता देख ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद पूरी घटना सामने आई।

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय पुलिस टीम के साथ कई बड़े अधिकारी भी पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने सभी शवों का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

ये भी पढ़ें- AK-47 चलाने का आदेश किसने दिया? तेजस्वी ने की DGP विनय कुमार से मुलाकात