Tejashwi Yadav: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आज शुक्रवार (7 अगस्त) को बिहार के डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ राजद का एक प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था। बिहार डीजीपी से मुलाकात के दौरान तेजस्वी यादव ने सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई AK-47 से फायरिंग, पटना में बंटी यादव हत्याकांड, भरत तिवारी एनकाउंटर और प्रदेश में बढ़ते अपराध समेत कई मुद्दे उठाए और अविलम्ब इन मामलों में कार्रवाई की मांग करते हुए उन्हें ज्ञापन पत्र भी सौंपा।
AK-47 चलाने का आदेश किसने दिया?
बिहार DGP के साथ मुलाक़ात और ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि, AK-47 चलाने का आदेश किसने दिया? बड़े से बड़े आंदोलन हुए लेकिन आज तक AK-47 से गोलियां नहीं चलाई गई। गृह मंत्री क्यों चुप हैं उनके संसद में जवाब देना चाहिए। आखिर किसने आदेश दिया है या बिहार के सीएम या गृह मंत्री ने आदेश दिया होगा लेकिन दोनों सामने और बयान देने से बच रहे हैं। इनकी चोरी पकड़ी गई है तो ये भाग रहे हैं।
अविलम्ब कार्रवाई की मांग
डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया एक्स पर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि, पेपरलीक के विरुद्ध छात्रों के लोकतांत्रिक प्रदर्शन पर बिहार पुलिस द्वारा AK-47 जैसे घातक हथियारों से की गयी गोलीबारी एवं बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज के विरुद्ध आज पुलिस महानिदेशक से मिलकर संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक सहित अन्य उच्च पदाधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करते हुए अविलम्ब कार्रवाई की मांग की।
तेजस्वी ने निम्न मांगों के साथ DGP को ज्ञापन सौंपा।
- बिहार पुलिस ने छात्रों पर AK-47 से गोलियाँ क्यों चलाई?
- Trigger Happy बिहार पुलिस के द्वारा निशाना लेकर बच्चों पर Shoot to Kill की सोच के साथ गोलियां बरसाई जो अत्यंत दुखद और अलोकतांत्रिक है।
- बिहार पुलिस ने भीड़ नियंत्रण के ‘ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान’ प्रोटोकॉल के SPO का पालन क्यों नहीं किया?
- फायरिंग का आदेश देने वाले वरीय पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
- छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा की गई बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की न्यायिक जांच कराई जाए।
विरोध प्रदर्शन करने की दी चेतावनी
साथ ही तेजस्वी यादव ने यह मांग किया कि बिहार की बदहाल विधि व्यवस्था को दुरुस्त कर, पुलिस प्रशासन की मनमानी पर अंकुश लगाया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि,अगर बिहार सरकार छात्रों पर गोलियां बरसाने वाले मनबढ़ पुलिस अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई नहीं करती है तो विपक्ष का विरोध प्रर्दशन होगा।
ये भी पढ़ें- डेहरी ईओ हत्याकांड: IG विकास वैभव की संस्था ने MLA सोनू सिंह से किया किनारा, तेजस्वी ने लगाया था आरोप


