कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना में गंगा दशहरा के दिन बड़ा हादसा हुआ है। गांधी घाट पर दशहरा के दिन स्नान करने पहुंचे 5 बच्चें नदी में डूब गए। 5 बच्चों के नदी में डूबने की खबर मिलते ही गंगा घाट पर हड़कंप मच गया। इनमें से 3 बच्चों का शव बरामद कर नदी से बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, दो की तलाश अभी भी जारी है। मौके पर एसडीआरएफ की टीम और पुलिस प्रशासन मौजूद है। टीम के द्वारा लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

कक्षा 9 के 3 छात्रों की मौत

मृतक बच्चों की पहचान चंदन कुमार (35), अमित (15) और समर के रूप में हुई है। वहीं, लापता युवक का नाम जॉय बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक अमित और जॉय चचेरे भाई थे। वहीं, समर उनका दोस्त था। तीनों कक्षा 9वीं के छात्र थेऔर कंकड़बाग स्थित आरएलएमएस कॉलोनी के रहने वाले थे। जबकि चंदन कुमार कदमकुआं थाना क्षेत्र के दरियापुर का निवासी था।

गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

वहीं, हादसे के बाद गांधी घाट पर मौजूद सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि, बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना के पीएमसीएच भेजा गया है। वहीं, एसडीआरएफ की टीम लापता बच्चे की तलाश में अभी भी लगी हुई है। उन्होंने कहा कि, प्रशासन द्वारा लगातार गहरे पानी में जाने से मना किया जाता है, लेकिन लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं, जिस वजह से यह हादसा हुआ है।

पटना एसएसपी की परिजनों से अपील

वहीं, इस दुखद घटना पर पटना के SSP कार्तिकेय के. शर्मा ने कहा कि, यह बहुत दुखद घटना है और इन दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं को देखने और यह सुनिश्चित करने के लिए एक डेडिकेटेड टीम तैनात की गई है कि आगे कोई हादसा न हो। उन्होंने कहा कि, हम खास तौर पर माता-पिता और परिजनों से गुज़ारिश करते हैं कि वे छोटे बच्चों पर कड़ी नज़र रखें और यह सुनिश्चित करें कि वे गहरे पानी वाली जगहों पर न जाएं।

ये भी पढ़ें- कभी हाथ में बांधती थीं राखी, आज BJP में शामिल होते ही रितु जायसवाल ने तेजस्वी पर बोला बड़ा हमला