चंडीगढ़। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले हरियाणा की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल रही है। राज्य सरकार द्वारा 21 जून को आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों के लिए मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उन पांच कांग्रेस विधायकों को लेकर हो रही है जिन्हें पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग के आरोप में निलंबित कर रखा है।

सरकार ने इन पांचों विधायकों को उनके विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के तौर पर जिम्मेदारी सौंपी है। इनमें नारायणगढ़ से शैली चौधरी, सढ़ौरा से रेणुबाला, रतिया से जरनैल सिंह, पुन्हाना से मोहम्मद इलियास और हथीन से मोहम्मद इसराइल शामिल हैं।

फिर बढ़ी राजनीतिक अटकलें

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राज्यसभा चुनाव विवाद के बाद यह दूसरा बड़ा मौका है जब इन निलंबित कांग्रेस विधायकों को सरकारी कार्यक्रमों में अहम भूमिका दी गई है। इससे पहले भी इन्हें विभिन्न विकास परियोजनाओं और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था।

सरकारी कार्यक्रम के अनुसार शैली चौधरी नारायणगढ़, रेणुबाला ब्यासपुर, जरनैल सिंह रतिया, मोहम्मद इलियास पुन्हाना और मोहम्मद इसराइल हथीन में आयोजित योग दिवस समारोहों में शामिल होंगे।

पंचकूला में होगा मुख्य राज्य स्तरीय आयोजन

योग दिवस का मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम पंचकूला में आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह , स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता शामिल होंगी।वहीं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल, केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह गुरुग्राम और कृष्ण पाल गुर्जर फरीदाबाद में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे।