Technology Desk : भारत में क्विक-कॉमर्स मार्केट में मुकाबला लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच Flipkart ने अपनी क्विक-कॉमर्स सर्विस Flipkart Minutes के लिए अलग ऐप लॉन्च कर दिया है। इस ऐप के जरिए ग्राहकों को ग्रॉसरी, रोजमर्रा का सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स और दूसरी जरूरी चीजें करीब 10 मिनट में डिलीवर करने का दावा किया गया है।

अभी Android यूजर्स के लिए उपलब्ध
Flipkart Minutes का नया ऐप फिलहाल Android डिवाइसेज के लिए Google Play Store पर उपलब्ध है। ऐप का डाउनलोड साइज करीब 20MB है। इस ऐप पर ग्राहक कई तरह के सामान ऑर्डर कर सकते हैं। इनमें फल-सब्जियां, ग्रॉसरी, डेयरी और ब्रेकफास्ट आइटम, स्नैक्स, पेय पदार्थ, घर की सफाई का सामान, गिफ्ट, इलेक्ट्रॉनिक्स और गैजेट्स शामिल हैं।
आखिरी समय की खरीदारी में भी आएगा काम
Flipkart Minutes को खास तौर पर लास्ट-मिनट शॉपिंग के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। ग्राहक फूल, चॉकलेट, हेडफोन, ब्लूटूथ ईयरफोन, स्मार्टवॉच और LED लाइट्स जैसी चीजें भी ऑर्डर कर सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, कई प्रोडक्ट्स पर ऑफर और डिस्काउंट भी मिलेंगे।
पहले Flipkart ऐप में मिलता था Minutes
अब तक Flipkart Minutes, मुख्य Flipkart ऐप के अंदर ही एक अलग सेक्शन के रूप में उपलब्ध था। अब कंपनी ने इसे एक स्टैंडअलोन ऐप के तौर पर लॉन्च किया है।
कंपनी पहले ही अपनी क्विक-कॉमर्स सर्विस का तेजी से विस्तार कर रही है। Flipkart के मुताबिक, Minutes 130 से ज्यादा शहरों और 8,000 से अधिक पिन कोड्स तक पहुंच चुका है। कंपनी के पास 1,000 से ज्यादा माइक्रो-फुलफिलमेंट सेंटर हैं और सर्विस में 250 से ज्यादा कैटेगरी के प्रोडक्ट शामिल हैं।
Blinkit और Zepto को मिलेगी टक्कर
अलग ऐप लॉन्च करने के बाद Flipkart Minutes का मुकाबला अब सीधे Blinkit, Zepto और Swiggy Instamart जैसी क्विक-कॉमर्स कंपनियों से होगा। अलग ऐप के जरिए Flipkart इस सेगमेंट में अपनी पहुंच और ग्राहकों की संख्या बढ़ाने की कोशिश कर रही है।



