० एक ही दिन में 10 हजार से अधिक आवेदन हुए फाइनल सबमिट, HSSC चेयरमैन ने अभ्यर्थियों को दी महत्वपूर्ण सलाह
चंडीगढ़। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की CET ग्रुप-डी भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का रुझान इस कदर बढ़ा है कि पहले ही दिन 50 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण करवा लिया।
आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि बीते 24 घंटे के दौरान 50,146 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से 10,646 उम्मीदवारों ने अपना आवेदन सफलतापूर्वक भरकर अंतिम रूप से जमा भी कर दिया है।
उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि आवेदन पत्र भरते समय पूरी सावधानी बरतें और किसी अन्य व्यक्ति पर निर्भर रहने के बजाय स्वयं आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। फाइनल सबमिट करने से पहले सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अफवाहों से रहें दूर
चेयरमैन हिम्मत सिंह ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों और अफवाहों से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी केवल आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी अपुष्ट जानकारी पर ध्यान न दें।
पारदर्शिता के साथ चल रही भर्ती प्रक्रिया
आयोग ने स्पष्ट किया है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संचालित की जा रही है। बड़ी संख्या में हो रहे पंजीकरण को युवाओं के विश्वास और सरकारी नौकरियों के प्रति बढ़ते उत्साह का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।आयोग ने सभी इच्छुक उम्मीदवारों से समय रहते आवेदन करने और अंतिम तिथि का इंतजार न करने की भी अपील की है।

