हर्षराज गुप्ता, खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के भैरूघाट क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां नर्मदा-शिप्रा पाइपलाइन अचानक फूटने से पूरे इलाके में बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए हैं। पाइपलाइन में हुए इस भीषण रिसाव के कारण करीब 40 फीट की ऊंचाई तक पानी का फव्वारा उठने लगा, जिसे देखकर आसपास के रिहायशी इलाके और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
ये भी पढ़ें : आशुतोष राणा के नाटक ‘हमारे राम’ के दौरान ऑडिटोरियम में भड़की आग, अभिनेता सहित सभी दर्शकों को सुरक्षित निकाला बाहर
घरों में घुसा पानी, बह गए टीवी-फ्रिज-कूलर
पाइपलाइन फटने के बाद पानी का बहाव इतना तेज था कि उसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस तेज बहाव की चपेट में आने से आसपास के कई मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। पानी का स्तर इतनी तेजी से बढ़ा कि लोगों के घरों में रखा कीमती सामान जैसे फ्रिज, कूलर, टीवी और अन्य घरेलू सामग्रियां पानी के साथ बह गईं।

कई लोग घायल, निजी होटल को भी पहुंचा नुकसान
इस अचानक आई आपदा के चलते कुछ स्थानीय रहवासियों के घायल होने की भी खबर है, जिन्हें मलबे और तेज बहाव के कारण चोटें आई हैं। इसके अलावा क्षेत्र में स्थित एक निजी होटल को भी पानी के इस उग्र रूप के कारण काफी नुकसान पहुंचा है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें आनन-फानन में मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ-साथ राहत कार्य में जुट गई हैं।
ये भी पढ़ें : शादी के 9 महीने बाद खौफनाक अंत: युवक ने पेड़ पर फंदा लगाकर किया सुसाइड, मरने से पहले रिकॉर्ड किया दर्दनाक वीडियो नोट

कारणों की जांच में जुटा प्रशासन
फिलहाल इतनी मजबूत पाइपलाइन अचानक किस वजह से फटी, इसके वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पहली प्राथमिकता पानी की सप्लाई बंद कर स्थिति को संभालना है। पाइपलाइन फूटने के तकनीकी कारणों की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

