पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में शुक्रवार को हुई दर्दनाक दुर्घटना ने दिल्ली सरकार को झकझोर कर रख दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta)ने घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कहा है कि राजधानी में जनता की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों के लिए तत्काल प्रभाव से सख्त दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि खुदाई और निर्माण कार्यों में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जनकपुरी की घटना को सुरक्षा में एक “गंभीर चूक” करार दिया है। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि किसी अधिकारी या ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ-साथ कठोर कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे। सरकार ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि दिल्ली में सड़कों और फुटपाथों पर जहां-जहां खुदाई का कार्य चल रहा है, उसकी विस्तृत रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर सरकार को सौंपी जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियों में किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

नए सुरक्षा प्रोटोकॉल: अब ये होंगे नियम

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद मुख्य सचिव ने एक आधिकारिक आदेश जारी किया है, जो PWD, दिल्ली जल बोर्ड, MCD, NDMC और सभी बिजली वितरण कंपनियों समेत हर संबंधित एजेंसी पर लागू होगा। आदेश के तहत दिल्ली में चल रहे सभी खुदाई कार्यों के लिए कड़े सुरक्षा मानक अनिवार्य किए गए हैं।

चेतावनी बोर्ड अनिवार्य: हर खुदाई स्थल पर स्पष्ट, बड़े और पढ़ने योग्य चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे।

नाइट विज़न सुरक्षा: रात के समय रिफ्लेक्टर लाइट, ब्लिंकर और चमकीली टेप का इस्तेमाल अनिवार्य होगा, ताकि अंधेरे में भी खतरा साफ दिखे।

मजबूत बैरिकेडिंग: खुदाई वाली जगह को चारों तरफ से ऊंची और मजबूत बैरिकेडिंग से कवर करना जरूरी होगा।

मलबा प्रबंधन: सड़क पर मिट्टी या निर्माण सामग्री बिखरी नहीं होनी चाहिए।

धूल नियंत्रण: प्रदूषण रोकने के लिए धूल नियंत्रण के प्रभावी उपाय किए जाएंगे।

वैकल्पिक रास्ता: पैदल यात्रियों और वाहनों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित किया जाएगा।

दैनिक निरीक्षण: संबंधित इंजीनियर रोजाना साइट का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की जांच करेंगे।

ट्रैफिक मैनेजमेंट: खुदाई के कारण ट्रैफिक बाधित न हो, इसके लिए उचित डायवर्जन और प्रबंधन किया जाएगा।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि इन निर्देशों का उल्लंघन करने वाली एजेंसियों और ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भरोसा दिलाया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दिल्ली सरकार एक सख्त निगरानी तंत्र विकसित कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की जान सर्वोपरि है और किसी भी विभाग या ठेकेदार को नियमों का उल्लंघन करने की कोई छूट नहीं दी जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद अब दिल्ली की सड़कों पर चल रहे सभी निर्माण और खुदाई प्रोजेक्ट्स का सुरक्षा ऑडिट शुरू कर दिया गया है। सरकार ने संकेत दिया है कि ऑडिट के दौरान पाई जाने वाली किसी भी खामी पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m