प्रदीप मालवीय, उज्जैन। श्री महाकालेश्वर के दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य विभाग के संभागीय उड़नदस्ते ने आज मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में बड़ी छापामार कार्रवाई की है। यह कार्रवाई किसी विशेष पर्व के कारण नहीं, बल्कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए एक रूटीन प्रक्रिया के तहत की गई है । उज्जैन के फूड इंस्पेक्टर बसंत दत्त शर्मा और बने सिंह देवरिया के नेतृत्व में देवास और आगर से आई संयुक्त टीमों ने हरसिद्धि फैमिली रेस्टोरेंट, सुरेश उपहार गृह एंड रेस्टोरेंट, सतयुग रेस्टोरेंट सहित कई भोजनशालों पर अचानक छापा मारा ।
दरअसल, इन दिनों शहर में पारा 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। भीषण गर्मी के इस मौसम में खाद्य सामग्री बहुत जल्दी खराब हो जाती है, जो सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने मुस्तैदी दिखाई ताकि बाहर से आने वाले यात्रियों को शुद्ध और हाइजीनिक भोजन मिल सके। लेकिन जांच के दौरान रेस्टोरेंट्स के किचन में भारी अनियमितताएं और गंदगी का अंबार मिला । टीम को वहां सड़े हुए आलू-प्याज मिले, प्लास्टिक के बर्तनों में दही जमाया जा रहा था और व्यावसायिक रूप से अवैध घरेलू सिलेंडरों का उपयोग हो रहा था।
सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि ग्राहकों को शुद्ध घी के नाम पर अमानक बटर और वनस्पति घी परोसा जा रहा था । मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि इस भीषण गर्मी में यात्रियों की सेहत के साथ कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । टीम ने अमानक खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं और संबंधित संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने के नोटिस जारी किए है । लैब की रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और विभाग का यह औचक निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

