अखिलेश बिल्लौरे, हरदा। हरदा की बदहाल सड़क अब सिर्फ परेशानी नहीं बल्कि अब सियासत का बड़ा मुद्दा बन गई है। जिले के स्टेट हाईवे पोखरनी से हरदा और आशापुर तक करीब 71 किलोमीटर के सड़क मार्ग की हालत को लेकर कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने सड़क की बदहाली को लेकर दो दिवसीय पदयात्रा पर निकल पड़े हैं। छीपाबड़ से शुरू हुई यह पदयात्रा सोमवार को हरदा पहुंचेगी, जहां कांग्रेस कलेक्टर कार्यालय का घेराव और प्रदर्शन करेगी। लेकिन सड़क के मुद्दे पर कहानी यहीं खत्म नहीं होती… विधायक दोगने के आरोपों पर पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने पलटवार किया है। एक तरफ सड़क के जल्द निर्माण की मांग… तो दूसरी तरफ काम की स्वीकृति और निर्माण प्रक्रिया को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे है।
READ MORE: SIR के आरोपों पर नरोत्तम मिश्रा का तंज, कहा- वोट चोरी नहीं, चोरों को वोट देना किया बंद’
विधायक दोगने का कहना है कि सड़क की बदहाली को लेकर प्रशासन और संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समाधान नहीं होने पर कांग्रेस को जनता के साथ सड़क पर उतरना पड़ा। कांग्रेस नेताओं के अनुसार पदयात्रा का उद्देश्य राजनीतिक टकराव के बजाय सड़क से जुड़ी आम लोगों की समस्या को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है।
इधर पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने विधायक के आरोपों पर पलटवार किया है। पटेल ने आरोप लगाया कि विधायक ने अपने कार्यकाल में आधा किलोमीटर सड़क तक नहीं बनाई और अब सड़क कार्य का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके मंत्री रहते विधायक दोगने के घर के सामने सड़क स्वीकृत कराई गई थी। साथ ही पटेल ने कहा कि बरसात के कारण सड़क निर्माण के काम 15 अक्टूबर तक बंद रहते हैं और इसके बाद कार्य किए जाते हैं।
READ MORE: अपराधियों को पकड़ेगी या धक्के खाएगी? बीच बाजार हांफ गई पुलिस की गाड़ी, राहगीरों के धक्के से भी नहीं हुई स्टार्ट!
दरअसल, 26 सितंबर को कमल पटेल ने हरदा-खंडवा मार्ग के करीब 12 करोड़ रुपए के मरम्मत एवं उन्नयन कार्य के शुभारंभ की जानकारी दी थी। उन्होंने हरदा से आशापुर तक करीब 71 किलोमीटर मार्ग को भविष्य में 500 करोड़ रुपए की लागत से 10 मीटर चौड़ा करने की दीर्घकालीन योजना का भी उल्लेख किया था। हालांकि इस सियासी आरोप प्रत्यारोप एवं दंगल को देखते हुए किसी भी तरह से आम जनता का फायदा होना चाहिए और यह सड़क मार्ग लोगों के लिए सुगम होना चाहिए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


