कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री Bhupinder Singh Hooda ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि जिसने भी श्रद्धालुओं द्वारा भगवान के चरणों में अर्पित किए गए चढ़ावे की चोरी की है, उसने केवल कानून ही नहीं बल्कि आस्था के साथ भी खिलवाड़ किया है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि “जिसने भी भक्तों के चढ़ावे को चुराया है, उसने महापाप किया है। मेरी मांग है कि जिसने भी यह कुकृत्य किया है, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न कर सके।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालु अपनी आस्था और विश्वास के साथ चढ़ावा अर्पित करते हैं। ऐसे में उस चढ़ावे की चोरी केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। उन्होंने कहा कि पुलिस को मामले की निष्पक्ष और तेजी से जांच कर दोषियों को कानून के कठघरे में खड़ा करना चाहिए।
हुड्डा ने कहा कि मंदिर जैसे पवित्र स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच एजेंसियां जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेंगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

