रांची। झारखंड सरकार की पूर्व मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेत्री विमला प्रधान के निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। उनके निधन पर भाजपा के प्रदेश नेतृत्व समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। नेताओं ने विमला प्रधान के निधन को झारखंड की राजनीति और भाजपा संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

आदित्य साहू ने अस्पताल जाकर ली थी स्वास्थ्य की जानकारी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने विमला प्रधान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शुक्रवार सुबह ही उन्होंने अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी और परिजनों से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि विमला प्रधान का निधन उनके लिए और संगठन के लिए व्यक्तिगत क्षति है।

जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण को किया याद

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने विमला प्रधान के लंबे सामाजिक और राजनीतिक जीवन को याद करते हुए कहा कि जनसेवा और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा को हमेशा याद किया जाएगा।

वहीं, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि विमला प्रधान ने हमेशा समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया और उनके हितों के लिए काम किया।

पूर्व मुख्यमंत्रियों समेत कई नेताओं ने जताया शोक

विमला प्रधान के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चंपाई सोरेन और मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद संजय सेठ समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं, सांसदों और विधायकों ने शोक संवेदना व्यक्त की।नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।