नारनौल। हरियाणा के नारनौल में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे प्रदेश के पूर्व राजस्व मंत्री कैलाशचंद शर्मा की डिजायर कार में अचानक भीषण आग लग गई। घटना सेक्टर 1 की घनी आबादी वाले इलाके की है, जब पूर्व मंत्री अपने बेटे विकास के साथ किसी से मिलने जा रहे थे। कार के इंजन से धुआं उठता देख दोनों समय रहते नीचे उतर गए, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।

सूचना मिलने के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

शिव कॉलोनी से सेक्टर 1 के लिए निकले थे पूर्व मंत्री

पूर्व मंत्री कैलाशचंद्र शर्मा शाम करीब सात बजे अपने शिव कॉलोनी स्थित आवास से डिजायर गाड़ी में सवार होकर सेक्टर 1 के लिए रवाना हुए थे। गाड़ी में उनके साथ उनका बेटा विकास भी मौजूद था। जैसे ही उनकी गाड़ी सेक्टर 1 के घनी आबादी वाले हिस्से में पहुंची, अचानक इंजन से तेज धुआं निकलने लगा। खतरे का अहसास होते ही पूर्व मंत्री और उनके बेटे तुरंत गाड़ी रोककर बाहर कूद गए।

उतरते ही उठीं आग की तेज लपटें

गाड़ी से उतरते ही इंजन ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते पूरी कार लपटों से घिर गई। पूर्व मंत्री और उनके बेटे ने तुरंत गाड़ी से सुरक्षित दूरी बनाई। बीच सड़क पर कार को जलता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और फायर ब्रिगेड को फोन कर हादसे की जानकारी दी।

1999 की चौटाला सरकार में रहे थे राजस्व मंत्री

कैलाशचंद्र शर्मा का नारनौल विधानसभा क्षेत्र और हरियाणा की राजनीति में अहम प्रभाव रहा है। वर्ष 1996 के विधानसभा चुनाव में वह नारनौल सीट से निर्दलीय विधायक चुने गए थे। इसके बाद जुलाई 1999 में जब ओमप्रकाश चौटाला के नेतृत्व में राज्य सरकार बनी, तो कैलाशचंद्र शर्मा को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। 29 जुलाई 1999 को हुए मंत्रिमंडल विस्तार में उन्हें राजस्व एवं पुनर्वास विभाग की अहम जिम्मेदारी दी गई थी। उस दौरान चौटाला सरकार के गठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी गई थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m