कुंदन कुमार, पटना। भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर लगातार सियासत जारी है, एक तरफ जहां, सरकार का कहना है कि न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच चल रही है। वहीं, आज भरत तिवारी के गांव में महापंचायत का आयोजन कर उन्हें शहीद घोषित करने और न्याय की मांग की गई।
इस मामले पर पूर्व मंत्री मंगल पांडे ने कहा कि, यह घटना बहुत दुखद है और इसकी जांच राज्य सरकार करवा रही है। न्यायिक जांच के आदेश के बाद दोषियों पर कारवाई जरूर होगी। ये बात ध्यान में रखना जरूरी है। इस मामले में हमारे मुख्यमंत्री ने अच्छी पहल की है।
रिटायर्ड जज की कमेटी करेगी जांच
भोजपुर के बिलौटी गांव में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बिहार सरकार लगातार बैकफुट पर है। विपक्षी दल के साथ-साथ एनडीए के भी कई नेता और मंत्री इसे हत्या बता रहे हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रिटायर्ड जज की कमेटी बनाकर भी निष्पक्ष जांच करने का आदेश दिया है, उन्होंने यह आश्वासन दिया है की जो दोषी होंगे उसपर कार्रवाई जरूर होगी। वहीं, कल भरत तिवारी की मां आशा देवी कि शिकायत के आधार पर एनकाउंर में शामिल सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
निर्दोष लोगों की हत्या करवा रही सरकार- तेजस्वी
वहीं, इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की भी बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री अपने कार्य में विफल हो चुके हैं। इसलिए वे इस तरह के काम करके ध्यान भटकाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि, बिहार में अपराधियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। सरकार पूरी तरह से अपराधियों को संरक्षण दे रही है और पुलिस से निर्दोष लोगों की हत्या करवा रही है।
सीएम को मांगनी चाहिए माफी- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने कहा कि, हम चाहते हैं कि दोषियों को सजा मिले और बिहार सरकार के मुख्यमंत्री को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि, भरत तिवारी के परिवार के लोगों के खिलाफ जो मामले दर्ज हुए हैं, वह किसने करवाए? ये कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी अनेकों FIR हुए हैं। फर्जी एनकाउंटर हुए हैं। हम चाहते हैं कि इस सरकार में जितने भी एनकाउंटर हुए हैं, उसके खिलाफ न्यायिक जांच हो।
महापंचायत में पहुंचे करणी सेना के प्रमुख
बता दें कि आज बिलौटी गांव में भरत तिवारी को न्याय दिलाने और श्रद्धांजलि देने को लेकर महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत में पहुंचे करणी सेना के प्रमुख वीर प्रताप सिंह ने परिजनों से मुलाकत कर उनके प्रति अपनी संवेदना जाहिर की और उन्हें इस न्याय की लड़ाई में साथ रहने का भरोसा दिलाया।
महापंचायत को संबोधित करते हुए वीर प्रताप सिंह ने कहा कि, भरत तिवारी के परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो देशभर में समाज के लोग एकजुट होकर आंदोलन को और व्यापक बनाएंगे।
भरत तिवारी के परिजनों से मिले प्रशांत किशोर
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी आज बुधवार को भोजपुर पहुंचे और उन्होंने एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि, हम उनकी मां भाभी और बहन की ओर से मांग कर रहे हैं कि न्याय का मतलब है, जिन लोगों ने हत्या को अंजाम दिया है उसके साथ-साथ उन लोगों की भी जांच हो जिनके कहे पर हत्या को अंजाम दिया गया है।
पीके ने कहा कि, जिन्होंने वो परिस्थिति बनाई, वो (भरत तिवारी) पागल नहीं था। व्यवस्था और अफसरों ने उसे उस मानसिक दशा में पहुंचा दिया था, जहां उसे ये समझ नहीं आ रहा था कि कैसे इनसे डील करें।
ये भी पढ़ें- Samrat Cabinet Meeting: सम्राट कैबिनेट की अहम बैठक समाप्त, कुल 45 एजेंडों पर लगी मुहर

