पानीपत । इसराना थाना क्षेत्र के शाहपुर अड्डे के पास रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रोहतक के लाखन माजरा गांव से Haridwar जा रहे चार दोस्त एक ही बाइक पर सवार थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में प्रदीप (30) और रोहित (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजय और सोहन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए पास के निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार रात करीब 10:30 बजे शाहपुर बस स्टैंड के नजदीक हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों युवक सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायल युवक के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

