रोहतक। काठ मंडी इलाके के एक घर में मातम छाया हुआ है। जिस बेटे की तलाश में परिवार दो दिन से दर-दर भटक रहा था, उसका शव बेरी हेड के पास नहर से बरामद हुआ है। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में गुस्सा फैल गया है। नाराज परिजनों ने सड़क पर शव रखकर लंबा जाम लगा दिया और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

मृतक की पहचान 26 साल के सुनील के रूप में हुई

मृतक की पहचान 26 साल के सुनील के रूप में हुई है। वह 28 जुलाई की रात करीब 1 बजे पुल के नीचे अपने दोस्तों के साथ बैठा हुआ था। तभी एक काले रंग की बड़ी गाड़ी वहां आकर रुकी। गाड़ी से चार लोग नीचे उतरे। उन्होंने हथियारों के बल पर सुनील को जबरन गाड़ी में बिठाया और मौके से गायब हो गए।

घटना के बाद से मोबाइल था बंद

सुनील के भाई ने बताया कि घटना के बाद से ही उसका मोबाइल बंद आ रहा था। काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। परिवार का आरोप है कि जान-पहचान के चार युवकों ने ही रंजिश के चलते सुनील का अपहरण किया और फिर उसकी हत्या करके शव को नहर में फेंक दिया।

युवक की हत्या पर बवाल

सुनील की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि जब तक सभी आरोपियों को पकड़ा नहीं जाएगा, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। सड़क पर लगे जाम की वजह से कई घंटों तक यातायात बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने का भरोसा देकर जाम खुलवाया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m