उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। जिले के इमली चौक इलाके में सोमवार को गैस सिलेंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गईं, जबकि आग बुझाने के लिए दौड़ी पड़ोसी महिला भी इसकी चपेट में आ गई। इस दौरान उनके साथ मौजूद दो मासूम बच्चे भी झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खाना बनाते समय लगी आग
घटना आज सोमवार की रात 8 बजे की है। पीड़िता रामकुमारी देवी अपने घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में आग लग गई, जिसके बाद राकुमारी देवी द्वारा शोर मचाने पर पड़ोस की निभा कुमारी मौके पर पहुंची। इस हादसे में रामकुमारी बुरी तरह झुलस गई। वहीं, मौके पर पहुंची निभा कुमारी और उनके साथ दो बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए। हालांकि निभा और दोनों बच्चे सत्यम और यश आंशिक रूप से झुलसे हैं।
गंभीर रूप से झुलसी महिला की हालत गंभीर
इस दौरान शोर की आवाज सुनकर मौके पर आसपास के अन्य लोग भी पहुंचे और सिलेंडर की आग पर काबू पाया। इसके बाद स्थानीय लोग राम कुमार और अन्य को लेकर मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद राम कुमारी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
शरीर का 40 % से अधिक हिस्सा झुलसा
इलाज करने वाले डॉ. ऋषि राजहंस ने बताया कि, राम कुमारी देवी का दोनों हाथ और पैर पूरी तरह से जल चुका है। शरीर के और भी हिस्से जले हुए हैं, जो 40% से अधिक है। इसलिए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है। बाकी एक महिला और दो बच्चे का इलाज यहां पर करके उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी। वे लोग खतरे से बाहर हैं।
राम कुमारी देवी की बड़ी बेटी अंजली कुमारी ने बताया कि हम लोग समस्तीपुर के रहने वाले हैं और मुजफ्फरपुर में इमली चौक के पास किराए के मकान में रहते हैं। मेरी मां कुरकुरे के कंपनी में काम करती है। खाना बनाने के समय यह घटना घटी है।
ये भी पढ़ें- मधुबनी: मुखिया, सरपंच समेत 4 आरोपियों को भेजा गया जेल, जानें पूरा मामला?

