कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में इलायची के कारोबार में भारी मुनाफे का झांसा देकर 24 लाख 35 हजार रुपए की बड़ी ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली के कारोबारियों पर पार्टनरशिप का सपना दिखाकर ग्वालियर के एक युवक से लाखों रुपए निवेश कराने और बाद में न तो माल देने और न ही रकम लौटाने का गंभीर आरोप लगा है। स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर इंदरगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें : BJP में आंतरिक कलह! नीरज जाट के बयान पर आदिवासी नेताओं का विरोध, राज्यमंत्री सीताराम बोले- ‘समाज से माफी मांगे जिला पंचायत उपाध्यक्ष’
मुनाफे का लालच देकर जाल में फंसाया
मिली जानकारी के अनुसार इंदरगंज थाना क्षेत्र के दाल बाजार निवासी तनुज जैन की साल 2024 में दिल्ली के अनुज जैन से मुलाकात हुई थी। अनुज ने खुद को बड़ा इलायची कारोबारी बताते हुए पहले तनुज का भरोसा जीता और उसे अपनी फर्म में मार्केटिंग का काम दिया। इसके बाद उसने तनुज को इलायची व्यापार में खुद का पैसा निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया, जिसके जाल में पीड़ित आ गया।
मां और बेटे के खातों से ट्रांसफर किए लाखो रुपए
आरोप है कि झांसे में आकर तनुज ने 26 अगस्त 2024 से सितंबर 2025 के बीच अपने और अपनी मां के बैंक खातों से कुल 24 लाख 35 हजार रुपए आरोपियों द्वारा बताए गए ‘तवाजो’, ‘एमडी फूड’ और ‘स्वास्तिक ट्रेडर्स’ के खातों में ट्रांसफर कर दिए। मोटी रकम ऐंठने के बावजूद आरोपियों ने ग्वालियर न तो इलायची की कोई खेप भेजी और न ही ट्रांसपोर्ट से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराए।
पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
जब पीड़ित तनुज ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी पहले टालमटोल करते रहे और बाद में साफ मुकर गए। इतना ही नहीं, पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसे झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी।
ये भी पढ़ें : भाजपा विधायक के डकैतों से संबंध ! प्रीतम लोधी ने दुर्दान्त डकैत को बताया अपना भाई, डाकू के साथ रखी अहिल्याबाई की तस्वीर
कोर्ट के दखल के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
थाने में सुनवाई न होने के कारण परेशान होकर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने पुलिस को तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। न्यायालय के निर्देश पर इंदरगंज थाना पुलिस ने दिल्ली निवासी मुख्य आरोपी अनुज जैन और उसके अन्य साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
ग्वालियर के एडिशनल एसपी (ASP) जयराज कुबेर के मुताबिक पुलिस अब संबंधित बैंक खातों के लेनदेन, संदिग्ध फर्मों के रिकॉर्ड और इस पूरे रैकेट में शामिल आरोपियों की भूमिका की सघन जांच कर रही है।

