संजय वाणी आलीराजपुर। नकली सोने के बिस्किट बेचकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को आलीराजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की राशि में से 70 हजार रुपये, सोने जैसे दिखने वाले दो नकली बिस्किट और एक वेट मशीन बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया ने बताया कि फरियादी बापूसिंह बघेल (32), निवासी चमारबेगड़ा हाल मुकाम तालाब फलिया आलीराजपुर, वन विभाग में वनरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने 2 जून 2026 को कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मजदूरी कार्य के दौरान उनकी पहचान झाबुआ निवासी दिवान नामक व्यक्ति से हुई थी। दिवान ने उन्हें बताया कि उसके मित्र राकेश बिलवाल को सूरत में एक पुराने मकान की मजदूरी के दौरान सोने के बिस्किट मिले हैं, जिन्हें वह बेचना चाहता है।

READ MORE: उज्जैन की दीक्षा ने रचा कीर्तिमान : 8MM की चने की दाल पर बनाए 12 ज्योतिर्लिंग, बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

शुरुआत में बापूसिंह ने खरीदने से इनकार कर दिया, लेकिन दिवान लगातार फोन कर उन्हें भरोसे में लेता रहा। 26 मई 2026 को दिवान ने उन्हें आम्बुआ रोड स्थित उण्डवा फाटे के पास बुलाया, जहां राकेश बिलवाल और एक महिला उनसे मिले। दोनों ने 777 अंक उकेरे हुए दो कथित सोने के बिस्किट दिखाए और बदले में 2 लाख 90 हजार रुपये ले लिए। बाद में जब बापूसिंह ने बिस्किटों की जांच सोनार से कराई तो पता चला कि दोनों बिस्किट नकली हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 252/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल तथा एसडीओपी आलीराजपुर के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धार और झाबुआ जिले में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में राकेश पिता रमेश बिलवाल (25) निवासी ग्राम पीपली थाना कालीदेवी, पांगलीबाई पति राकेश बिलवाल (34) निवासी ग्राम पीपली तथा कालू पिता रामचंद वसुनिया (53) निवासी ग्राम छापरी थाना राणापुर शामिल हैं।

READ MORE: अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में हाईवोल्टेज ड्रामा: दो भाइयों के बीच हुई मारपीट, मरीजों में मची दहशत 

पुलिस ने आरोपियों से ठगी की राशि में से 70 हजार रुपये, दो नकली सोने के बिस्किट एवं एक वेट मशीन जब्त की है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली सोनू सिटोले, उप निरीक्षक सुनील रन्दे, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार राठौर, लक्ष्मण देवड़ा, रामकुमार यादव सहित पुलिस टीम एवं साइबर सेल के अधिकारियों का सराहनीय योगदान रहा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m