सुशीला देवी, गुरुग्राम। सोशल मीडिया पर सस्ते दामों में दुधारू मवेशी (गाय और भैंस) खरीदने की सोच रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। गुरुग्राम पुलिस की साइबर क्राइम दक्षिण थाना टीम (Cyber Crime Cell Gurugram) ने फेसबुक पर फर्जीवाड़ा कर लोगों की गाढ़ी कमाई उड़ाने वाले एक अंतरराज्यीय ठग को दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी फेसबुक पर नकली डेयरी फार्म का पेज बनाकर ग्राहकों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से डीएलएफ फेज-3 के यू-ब्लॉक (DLF Phase 3 Gurugram) में छापेमारी कर आरोपी साजिद को रंगे हाथों काबू किया है। आरोपी मूल रूप से राजस्थान के कुख्यात साइबर क्राइम हब माने जाने वाले भरतपुर जिले का रहने वाला है।

एनओसी और जीपीएस ट्रैकिंग के नाम पर ऐंठता था रकम

पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपी साजिद अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर फेसबुक पर ‘Chaudhry Dairy Farm’ (चौधरी डेयरी फार्म) नाम से एक फर्जी पेज चलाता था। इस पेज पर वह अच्छी और दुधारू गाय-भैंसों की तस्वीरें व वीडियो डालकर उन्हें बेहद सस्ती कीमतों पर बेचने का विज्ञापन पोस्ट करता था। जब कोई सीधा-साधा किसान या ग्राहक उनके झांसे में आकर संपर्क करता, तो यह गैंग मवेशी भेजने के नाम पर एडवांस बुकिंग, रजिस्ट्रेशन, जीपीएस ट्रैकिंग चार्ज और अलग-अलग राज्यों की एनओसी (NOC) बनवाने के बहाने अपने खातों में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवा लेता था।

90 हजार की ठगी का खुलासा, 30% कमीशन पर करता था काम

साइबर पुलिस के अनुसार, हाल ही में इस शातिर ठग ने एक व्यक्ति से इसी तरीके का इस्तेमाल कर करीब 90 हजार रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी (Online Fraud in Gurugram) की थी, जिसकी शिकायत के बाद पुलिस इसके पीछे लगी थी। पकड़े गए आरोपी साजिद ने कुबूल किया है कि वह इस पूरे रैकेट में मुख्य सरगना के लिए काम करता था। ठगी की कुल रकम में से 30 प्रतिशत हिस्सा वह बतौर कमीशन अपने पास रखता था और बाकी के 70 फीसदी रुपये अपने साथी के बैंक खातों में ट्रांसफर कर देता था।

दो मोबाइल बरामद, पुलिस खंगाल रही है बैंक खाते

साइबर थाना पुलिस ने आरोपी साजिद के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल होने वाले दो स्मार्टफोन बरामद किए हैं। पुलिस अब इस गैंग के अन्य सदस्यों, ठगी के पैसों के लिए इस्तेमाल किए गए बैंक खातों (Cyber Crime Banking Investigation) और उनके जरिए हुए ट्रांजैक्शन की गहनता से जांच कर रही है। इस कार्रवाई के बाद गुरुग्राम पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे फेसबुक, इंस्टाग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिखने वाले लुभावने विज्ञापनों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और किसी भी अनजान व्यक्ति के खाते में एडवांस पैसे भेजने की गलती बिल्कुल न करें।