हरियाणा के चरखी दादरी में तीन अलग-अलग औद्योगिक इकाइयों में विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन कर सैकड़ों श्रमिकों को लाभान्वित किया गया।

पुष्पेंद्र कुमार, चरखी दादरी। समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहे मॉडल दादरी जिला बनाओ संगठन ने शनिवार को एक बार फिर मानव सेवा की प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। संगठन द्वारा स्थानीय घिकाड़ा रोड एवं रावलधी बाईपास स्थित दो औद्योगिक इकाइयों तथा बाढ़डा में जेवली रोड़ स्थित औद्योगिक इकाई में Free Medical Camps Charkhi Dadri का सफल आयोजन किया गया। यह संगठन द्वारा आयोजित क्रमशः 1964वें, 1965वें एवं 1966वें चिकित्सा शिविर रहे। इन सभी शिविरों में मैदान्ता फाउंडेशन एवं अनमोल रत्ना वेलफेयर फाउंडेशन की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं, जिसमें डॉ. स्वतंत्र चौधरी, डॉ. महेश, डॉ. सुरेश रंजन एवं डॉ. प्रियव्रत मुख्य रूप से शामिल रहे।

विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की मुफ्त जांच

इन तीनों विशेष शिविरों में कुल 173 श्रमिकों एवं फैक्ट्री कर्मचारियों के स्वास्थ्य की व्यापक जांच की गई। जांच के दौरान ब्लड शुगर, एनीमिया, रक्तचाप, ईसीजी, एलएफटी, छाती के एक्स-रे और नेत्र परीक्षण सहित विभिन्न सामान्य एवं आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए तथा जरूरतमंदों को मुफ्त चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। शिविरों की अध्यक्षता क्रमशः अंशुल ग्रोवर, महेंद्र गोयल, विकास स्वामी एवं प्रकाश शर्मा ने की। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में फैक्ट्रियों में कार्यरत उत्तर प्रदेश के श्रमिक रामशब्द पांडे, विकास गुंसाई एवं बलजीत उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संगठन की सेवा भावना की दिल से सराहना करते हुए इसे समाज के लिए बेहद उपयोगी बताया।

श्रमिकों की सेवा ही मुख्य उद्देश्य

संगठन के युवा विंग के जिला अध्यक्ष अनिल बलवान साहू ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल चिकित्सा शिविर लगाना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाकर स्वस्थ एवं जागरूक समाज का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि श्रमिक वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। संगठन भविष्य में भी इसी प्रकार सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर जारी रखेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी डॉक्टरों, सहयोगी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए समाजहित में इसी प्रकार सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया गया।

शिविर को सफल बनाने वाले सहयोगी

इस विशेष अवसर पर विकास, रजनेश, करतार, संतोष, महेन्द्र, पृथ्वी सिंह, उज्जवल, तमन्ना, महेन्द्र, सुजल, गुलाब, परमेन्द्र, आकाश, गौतम साहू, हरि नारायण, अशोक, प्रदीप, रविन्द्र, मुन्नी राम रंगा, हितेष, चमन, अनिल कौशिक तथा बिजेन्द्र ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। इन सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मिलकर ग्राउंड स्तर पर अपनी सेवाएं दीं और तीनों स्थानों पर आयोजित हुए इन विशाल शिविरों को पूरी तरह सफल बनाने में अपना विशेष सहयोग प्रदान किया। संगठन के इस प्रयास से स्थानीय श्रमिक वर्ग में काफी खुशी का माहौल देखा गया और लोगों ने संस्था के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।