० पंडित नेकीराम शर्मा चौक की दुर्दशा पर प्रशासन को चेतावनी
अजय सैनी ,भिवानी। शहर के प्रमुख घंटाघर स्थित पंडित नेकीराम शर्मा चौक की बदहाल स्थिति को लेकर वेटरन संगठन भिवानी ने जिला प्रशासन के खिलाफ कड़ा रोष जताया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द चौक का जीर्णोद्धार और सौंदर्यकरण नहीं कराया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।

वेटरन संगठन के प्रधान सूबेदार मेजर बिरेंद्र सिंह ग्रेवाल ने कहा कि देश की आजादी में अहम भूमिका निभाने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित नेकीराम शर्मा की प्रतिमा के आसपास पिछले करीब एक साल से गंदगी पसरी हुई है। चौक पर लगी लाइटें खराब हैं, जिससे रात के समय पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की अनदेखी और लापरवाही के कारण स्वतंत्रता सेनानी की प्रतिमा के आसपास सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। रोजाना हजारों लोगों और अधिकारियों के गुजरने के बावजूद चौक की हालत सुधरने का नाम नहीं ले रही।

सूबेदार मेजर बिरेंद्र सिंह ग्रेवाल ने कहा कि यह केवल चौक की बदहाली नहीं, बल्कि देश के महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने पूर्वजों और शहीदों का सम्मान सुरक्षित नहीं रख पाएंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को गलत संदेश जाएगा।

वेटरन संगठन ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सफाई, लाइट व्यवस्था और चौक का सौंदर्यकरण नहीं किया गया, तो संगठन पूर्व सैनिकों और शहरवासियों के साथ आंदोलन करेगा। जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन धरना भी दिया जाएगा।