जमशेदपुर। जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के चौथे दीक्षांत समारोह में मंगलवार को छात्राओं के भविष्य को लेकर कई अहम घोषणाएं हुईं। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की मौजूदगी में आयोजित समारोह में विश्वविद्यालय ने शिक्षा को रोजगार और नए क्षेत्रों से जोड़ने की अपनी योजना सामने रखी।

विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. एला कुमार ने बताया कि छात्राओं को पारंपरिक विषयों के साथ अंतरिक्ष विज्ञान, स्टार्टअप और मीडिया जैसे तेजी से उभरते क्षेत्रों के लिए भी तैयार किया जा रहा है।

स्पेस सेक्टर में स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा

कुलपति ने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र में स्टार्टअप के लिए बड़ी संभावनाएं मौजूद हैं। छात्राओं को इस क्षेत्र से जोड़ने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय ने स्पेस किड्स इंडिया के साथ समझौता किया है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में स्टार्टअप कल्चर विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि छात्राएं केवल नौकरी तलाशने वाली नहीं, बल्कि नए अवसर और उद्यम खड़े करने वाली बन सकें।

मास कम्युनिकेशन में शुरू होगा एक साल का पीजी कोर्स

छात्राओं के लिए मीडिया के क्षेत्र में भी नया अवसर मिलने जा रहा है। विश्वविद्यालय में मास कम्युनिकेशन के तहत जर्नलिज्म की पढ़ाई शुरू की जाएगी।

इसके लिए एक वर्षीय पीजी कोर्स शुरू करने की तैयारी है। विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि नए पाठ्यक्रमों के जरिए छात्राओं को बदलते रोजगार बाजार और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।

दीक्षांत समारोह में राज्यपाल की मौजूदगी

चौथे दीक्षांत समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी विशिष्ट अतिथि रहे।समारोह के दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय की अब तक की उपलब्धियों और आने वाली योजनाओं की जानकारी साझा की।

एक दिन पहले हुई थी फुल ड्रेस रिहर्सल

दीक्षांत समारोह को व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए सोमवार को एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम में फुल ड्रेस रिहर्सल की गई थी। इसमें मंच संचालन से लेकर सीटिंग अरेंजमेंट और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई।शिक्षकों के लिए सुबह 8:30 बजे रिपोर्टिंग का समय निर्धारित किया गया था।

राज्यपाल के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। डीसी, एसएसपी और एसडीओ ने ऑडिटोरियम का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा, पार्किंग और अतिथियों की बैठने की व्यवस्था की समीक्षा की।

डिग्रीधारकों को मिला गाउन

दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले डिग्रीधारकों के लिए प्रवेश द्वार पर 200 रुपये शुल्क लेकर गाउन उपलब्ध कराया गया। गाउन के लिए पहले ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी रखी गई थी।

दीक्षांत समारोह में डिग्री हासिल करने वाली छात्राओं के लिए यह आयोजन जहां उपलब्धियों का उत्सव रहा, वहीं विश्वविद्यालय की नई योजनाओं ने उनके आगे के करियर को लेकर एक नई दिशा भी दिखाई।