अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. मुगलसराय सब्जी मंडी में फल-सब्जी व्यवसायी (विक्रेता) वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले व्यापारियों का धरना सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा. व्यापारी फल और सब्जी बेचने के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने समेत अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं.
इसी दौरान मछलीशहर की विधायक रागिनी सोनकर सब्जी मंडी पहुंचीं. सोनकर समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया. विधायक ने धरनारत व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मांगों की जानकारी ली. धरने में मौजूद एक महिला ने कहा कि फल-सब्जी बेचने वाले कई लोग दलित और गरीब समाज से आते हैं. उनका उद्देश्य विवाद करना नहीं, बल्कि रोजगार के लिए उचित और व्यवस्थित स्थान की मांग करना है. उन्होंने कहा कि यदि मंडी या दुकान के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाए तो व्यापारी सम्मानपूर्वक अपना रोजगार चला सकेंगे.
इसे भी पढ़ें : ‘पीले मंत्री’ के लिए सपा के दरवाजे बंद, सीमा राजभर ने किसे कहा- ‘दुर्घटना की पैदाइश’
महिला ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ की बात की जाती है, लेकिन फल-सब्जी विक्रेताओं की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है. उन्होंने हाल में फल विक्रेताओं के ठेले हटाए जाने की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए और इसे अमानवीय बताया. उन्होंने भाजपा पर भी आरोप लगाए कि चुनाव के समय दलित और गरीब समाज के लोगों से समर्थन लिया जाता है, लेकिन उनके अधिकारों और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता.



