बहराइच. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज होती दिख रही है. बहराइच में आयोजित महिला जनसंवाद कार्यक्रम में सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर ने पंचायती राज मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर पर तीखा हमला बोला. उन्होंने ओम प्रकाश राजभर को ‘पीला मंत्री’ बताते हुए कहा कि सपा में सभी के लिए दरवाजे खुले हैं, लेकिन उनके लिए दरवाजा बंद है.

इसे भी पढ़ें- मेरठ में जुटा दिग्गजों का भारी अमला; आखिर 4800 शक्ति केंद्रों के जरिए क्या साधने की तैयारी में है भाजपा?

‘राजभर दुर्घटना के पैदाइश’

सीमा राजभर ने कार्यक्रम में ओम प्रकाश राजभर का नाम लिए बिना कहा कि समाजवादी पार्टी में सबका स्वागत है, लेकिन एक ‘पीले मंत्री’ के लिए दरवाजा बंद है. उन्होंने कहा कि वह सपा में कभी प्रवेश नहीं कर सकते और उन्हें ‘दुर्घटना की पैदाइश’ बताया. सुभासपा के झंडे के रंग और पार्टी के पीले गमछे को लेकर सीमा ने उन्हें ‘पीला मंत्री’ कहा.

2027 में 300 सीट जीतने का दावा

महिला जनसंवाद में सीमा राजभर ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में महिलाएं बहराइच से सपा की सरकार बनाने का शंखनाद कर रही हैं. उन्होंने 2027 में सपा के 300 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का दावा किया. साथ ही उन्होंने बहराइच की सभी सात विधानसभा सीटों पर जीत का भी दावा किया.

कभी ओपी राजभर की पार्टी में थीं सीमा

सीमा राजभर का राजनीतिक सफर पहले ओम प्रकाश राजभर की सुभासपा से शुरू हुआ था. वह बलिया में पार्टी की जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष रह चुकी हैं. बाद में उन्होंने सुभासपा छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थामा. अप्रैल 2026 में अखिलेश यादव ने उन्हें सपा महिला सभा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश को देख मायावती को क्यों आई ‘गिरगिट’ की याद? पढ़िए बसपा सुप्रीमो का पूरा बयान

परिवारवाद और शोषण के लगाए थे आरोप

सुभासपा छोड़ने के बाद सीमा राजभर ने ओम प्रकाश राजभर पर परिवारवाद और महिलाओं के शोषण जैसे आरोप लगाए थे. अब वह सपा में रहते हुए लगातार ओम प्रकाश राजभर पर राजनीतिक हमले करती रही हैं. दूसरी ओर, ओम प्रकाश राजभर भी अखिलेश यादव और सपा पर निशाना साधते रहे हैं.