हिसार। 12वीं कक्षा की एक नाबालिक छात्रा को घर से रूठकर जाना बहुत भारी पड़ गया। छात्रा गैंगरेप का शिकार हो गई। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मामला कुरुक्षेत्र और हिसार से जुड़ा है। कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद की नाबालिक छात्रा 2 मई को घर से नाराज होकर निकल गई थी। बस से वह हिसार पहुंच गई। बस स्टैंड पर उतरते ही उसे एक युवक बहला फुसलाकर होटल ले गया, जहां उसने नाबालिक के साथ जबरदस्ती गलत काम किया। आरोप है कि बाद में एक अन्य व्यक्ति ने भी छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता किसी तरह दरिंदो के चंगुल से निकलने में कामयाब हुई और हिसार बस स्टैंड पहुंचकर अपने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही उसकी मां हिसार पहुंची और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उसके बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार पीड़िता के बयान को केस की मुख्य कड़ी मानते हुए हर पहलू की गहन जांच की जा रही है, वहीं घटनास्थल और आसपास के इलाकों से भी सबूत एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए तकनीकी जांच का भी सहारा लिया जा रहा है, और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

