प्रयागराज. प्रदेश में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं. इसी कड़ी में गंगा और यमुना का रौद्र रूप लगातार देखने को मिल रहा है. बढ़ते जलस्तर ने कई घाटों को अपने आगोश में ले लिया है, इसी बीच प्रयागराज के बंधवा वाले हनुमान मंदिर में भी अब मां गंगा की लहरें गर्भगृह तक पहुंच चुकी हैं.

पानी लगातार बढ़ने के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए गए हैं. वहीं, प्रशासन ने भी सुरक्षा के मद्देनजर सारी व्यवस्थाएं कर रखी है. घाटों पर डीप वाटर बैरिकेडिंग की गई है और श्रद्धालुओं को साफ निर्देश दिए गए हैं कि वह किसी भी हालत में बैरिकेडिंग को पार न करें.

इसे भी पढ़ें : प्रयागराज में एयरफोर्स स्टेशन के पास भीषण धमाका, 5 की मौत; 15 लोग मलबे में फंसे, कई मकान जमींदोज

बता दें कि प्रदेश में बारिश का कहर लगातार देखने को मिल रहा है. सोमवार को प्रदेश के 58 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इनमें प्रयागराज और वाराणसी समेत 18 जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. लखनऊ समेत आसपास के करीब 10 जिलों में सोमवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. भारी बारिश की आशंका को देखते हुए सुल्तानपुर में कक्षा 8 तक के स्कूल सोमवार को बंद कर दिए गए हैं.

लगातार बारिश और मध्य प्रदेश के बरगी डैम से पानी छोड़े जाने के बाद चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर आ गई थी. नदी में करीब 30 फीट का उफान आया था. अब पानी का स्तर कम हुआ है, लेकिन बाढ़ ने पीछे तबाही के निशान छोड़ दिए हैं. कई घरों में करीब 5 फीट तक कीचड़ भर गया है. सड़कें कचरे और मलबे से पटी हैं. लोग घरों से पानी और कीचड़ निकालने में जुटे हैं. कई जगह फ्रिज-कूलर समेत घरेलू सामान मलबे में दब गया है.