प्रयागराज. उत्तर प्रदेश में बीते कुछ दिनों से बारिश का दौर जारी है. लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं. विशेषकर प्रयागराज में गंगा, यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. जिसके देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है. संगम इलाके के सभी घाट जलमग्न हो चुके हैं. जल पुलिस, NDRF को अलर्ट मोड पर रखा गया है. वहीं 100 बाढ़ चौकियों की स्थापना की गई है.

बता दें कि प्रयागराज में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं. यहां दारागंज, मोरी गेट और करेली जैसे इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है. कई घरों में करीब 5 फीट तक पानी भर गया है. जलभराव के बीच अव्यवस्था और बदइंतजामी को लेकर अखिलेश यादव ने गुरुवार को शासन प्रशासन पर जमकर निशाना भी साधा था.

इसे भी पढ़ें : ‘1 लाख करोड़ के विकास का सच’ : प्रयागराज में बाढ़ जैसे हालात, अखिलेश बोले- ‘नाम बदलने से नहीं बदलेगी जनता की बदहाली’

अखिलेश ने एक्स पर लिखा था कि ‘ये है प्रयागराज के गंभीर हालात. कोई और हो तो 1 लाख करोड़ प्रयागराज के विकास के नाम पर डकार जाने के बाद, वहां के हज़ारों घरों का ये जलमग्न हाल देखकर शर्मिंदगी से सत्ता ही छोड़ दे. जनाब नाम बदलने से कुछ नहीं होता, बदलिए तो आप अपना भ्रष्ट काम और नीयत लेकिन अब वो भी नहीं बदलेगी, इसीलिए अब उत्तर प्रदेश और देश की जनता ‘भाजपा सरकार’ ही हमेशा के लिए बदल देगी. भाजपा जाएगी फिर कभी नहीं आएगी.’