पंचकूला। शहर में बुधवार देर रात गैंगवार की सनसनीखेज घटना सामने आई, जब गोल्डी बराड़-रोहित गोदारा गैंग से जुड़े बताए जा रहे शूटरों ने नगर निगम वार्ड-1 की पार्षद के देवर रतन लुबाना पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिसमें रतन लुबाना घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, रतन लुबाना रात करीब 12 बजे सेक्टर-5 स्थित स्विस लाउंज से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने करीब 8 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली रतन लुबाना को लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने किया पीछा, हाईवे पर घेराबंदी

घटना के समय मौके पर मौजूद डिटेक्टिव स्टाफ के एक जवान ने तुरंत आरोपियों का पीछा किया और कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद डिटेक्टिव स्टाफ, क्राइम ब्रांच और एंटी नारकोटिक्स सेल की टीमें सक्रिय हो गईं। मट्‌टावाला फ्लाईओवर सहित कई स्थानों पर नाकाबंदी कर दी गई।

पुलिस पर भी बरसाईं गोलियां, फिर हुई मुठभेड़

भागते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर भी फायरिंग की। बेला बिस्टा चौक और नाडा साहिब क्षेत्र में पुलिस वाहन को निशाना बनाया गया। इसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के घुटनों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया।

दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी जसविंदर और होशियारपुर निवासी हरप्रीत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े हैं। आरोपियों के कब्जे से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद की गई हैं। बताया जा रहा है कि जसविंदर के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं।

18 राउंड फायरिंग से दहला शहर

पुलिस के मुताबिक पूरी वारदात और पीछा करने के दौरान आरोपियों ने करीब 18 राउंड फायरिंग की। इस घटना में एक स्थानीय व्यक्ति भी घायल हुआ है। दोनों आरोपियों को उपचार के लिए पहले पंचकूला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

हमले के पीछे की साजिश खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रतन लुबाना पर हमला किस वजह से किया गया और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर हैं।