राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर गन्नौर के बाल भवन स्कूल के पास कार का पंक्चर टायर बदल रहे दो युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इस हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
गन्नौर। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गन्नौर के बाल भवन स्कूल के पास कार का पंक्चर टायर बदल रहे युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार गांव शाहपुर तगा निवासी सुनील अपनी चेचेरी बहन, उसके पति फरीदाबाद के गांव घरोरा निवासी उमेश और साथी अमित के साथ समालखा से अपने चेचेरे भाई का पता लेकर कार से घर लौट रहा था। बाल भवन स्कूल के पास अचानक कार का टायर पंक्चर हो गया। कार को सड़क किनारे खड़ा कर सुनील और अमित टायर बदलने लगे, जबकि उमेश भी उनके साथ मौजूद था।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक आया और कार के पास खड़े युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शाहपुर तगा निवासी सुनील और गांव घरोरा निवासी अमित की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुनील का जीजा उमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

