गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। धुरकी थाना क्षेत्र के पनघटवा डैम में नहाने के दौरान चार युवक गहरे पानी में डूब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की तत्परता से तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक युवक अभी भी लापता है। लापता युवक की तलाश के लिए स्थानीय लोगों के साथ प्रशासन की टीम भी जुटी हुई है।

डैम पर जुटी लोगों की भीड़

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पनघटवा डैम पहुंच गए। डैम में लापता युवक की तलाश जारी है। हादसे की सूचना प्रशासन को मिलते ही संबंधित अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाने के साथ राहत एवं तलाश अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

फिलहाल लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। प्रशासन की ओर से उसकी तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।