हेमंत शर्मा, इंदौर: इंदौर के विजयनगर क्षेत्र के सुमन नगर जैन मंदिर रोड पर मंगलवार को सड़क बोरिंग के दौरान अवंतिका गैस पाइपलाइन में जोरदार विस्फोट हो गया। घटना में आग की लपटें कई फीट ऊंची उठीं, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। हादसे में 4 लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। विजयनगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि सड़क पर बोरिंग कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक अवंतिका गैस की पाइपलाइन में विस्फोट हो गया और पाइप फटने के साथ आग की लपटें उठने लगीं। आसपास के घरों में रहने वाले लोग आवाज सुनकर बाहर निकल आए।

READ MORE: जबलपुर क्रूज हादसा: जांच में आई तेजी, पर्यटन सचिव और MD के बयान दर्ज, प्रदेश की सभी वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों की होगी ‘अग्निपरीक्षा’

हादसे में 4 लोग घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। फिलहाल किसी की हालत गंभीर बताई नहीं जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। गैस एजेंसी से संपर्क कर गैस सप्लाई तुरंत बंद करा दी गई। फायर टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

लापरवाही का आरोप

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्रीय पार्षद बालमुकुंद सोनी के द्वारा बोरिंग कार्य करवाया जा रहा था। गैस पाइपलाइन के ऊपर से बिना किसी सावधानी के बोरिंग किए जाने के कारण यह हादसा हुआ। इलाके में कई घरों तक गैस पाइपलाइन बिछी हुई है, जिससे एक बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस और फायर विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। गैस कंपनी की टीम भी मौके पर मौजूद है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m