इंदर कुमार, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे की जांच अब आक्रामक मोड़ पर पहुंच गई है। सरकार द्वारा गठित जांच आयोग ने इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने के लिए अपनी रफ्तार दोगुनी कर दी है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब प्रशासनिक और पर्यटन विभाग के शीर्ष अधिकारियों पर भी जांच की आंच पहुंच चुकी है। जांच आयोग ने पर्यटन विभाग के सचिव और मध्य प्रदेश पर्यटन के प्रबंध निदेसक के बयान दर्ज कर लिए हैं। इसके साथ ही अब पूरे प्रदेश में चल रही वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को लेकर एक बड़ा फैसला लिया गया है।
ये भी पढ़ें: इंदौर में बड़ा एक्शन: 2 लाख की घूस मांगकर फंस गए पटवारी साहब! कलेक्टर शिवम वर्मा के एक आदेश से मंचा हड़कंप
बड़े अधिकारियों पर कसा शिकंजा, अब तक 20 से ज्यादा से पूछताछ
जांच आयोग के अध्यक्ष संजय द्विवेदी की अगुवाई में इस हादसे की परतें खोली जा रही हैं। सूत्रों के मुताबिक जांच टीम अब तक 15 से 20 लोगों से कड़ाई से पूछताछ कर चुकी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कई अहम गवाहों को दोबारा समन जारी कर बुलाया जा रहा है और उनके बयानों का मिलान किया जा रहा है जिससे हादसे के असली गुनहगारों तक पहुंचा जा सके।
क्रूज कैसे टूटा और क्यों तोड़ा गया? जांच में उठे बड़े सवाल
जांच का सबसे बड़ा और मुख्य फोकस इस तकनीकी बिंदु पर है कि आखिर वो मजबूत क्रूज बीच पानी में कैसे टूट गया? इसके साथ ही जांच टीम इस एंगल पर भी काम कर रही है कि क्या हादसे के बाद साक्ष्यों को छिपाने या किसी अन्य वजह से क्रूज को तोड़ा गया था? इन सभी तकनीकी और वैज्ञानिक सवालों के जवाब जांच रिपोर्ट के बाद पूरी तरह बेनकाब हो जाएंगे।
प्रदेश की 15 वॉटर स्पोर्ट्स और 5 क्रूज गतिविधियों का होगा कड़ा निरीक्षण
इस हादसे से सबक लेते हुए जांच समिति ने केवल इस घटना तक खुद को सीमित नहीं रखा है, बल्कि अब सुरक्षा और सेफ्टी मेजर्स को लेकर पूरे मध्य प्रदेश में एक बड़ा अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके तहत मध्य प्रदेश की सभी 15 वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों की सुरक्षा जांच होगी। इसके अलावा प्रदेश में संचालित हो रहे अन्य 5 क्रूज गतिविधियों का बारीकी से निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान पर्यटकों की सुरक्षा में थोड़ी भी लापरवाही मिलने पर उन्हें तुरंत बंद करने की कार्रवाई की जा सकती है।
ये भी पढ़ें: 500 करोड़ की जमीन पर कब्जे का खेल! कनाड़िया में पुलिसकर्मियों की जमकर पिटाई, आखिर किसके संरक्षण में चल रहा भूमाफियाओं का साम्राज्य?
जांच रिपोर्ट के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई: संजय द्विवेदी
इस पूरे मामले पर जांच आयोग के अध्यक्ष संजय द्विवेदी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि क्रूज हादसे की जांच को पूरी निष्पक्षता और तेजी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। बड़े अधिकारियों से लेकर गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। हमारा पूरा फोकस इस बात पर है कि सुरक्षा मानकों में कहां चूक हुई। जांच रिपोर्ट पूरी होते ही इसे सौंप दिया जाएगा, जिसके बाद इस पूरे हादसे की सच्चाई जनता के सामने आ जाएगी।

