वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के भागन बीघा स्थित गौतम इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज में परीक्षा परिणामों में कथित धांधली, फीस वसूली और लचर शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर छात्रों का गुस्सा चौथे दिन भी जारी रहा। नर्सिंग और फिजियोथेरेपी के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने परिसर में उग्र प्रदर्शन करते हुए जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान कॉलेज के CCTV कैमरे, स्मार्ट क्लास के उपकरण, कंप्यूटर, प्रिंटर, मॉनिटर, और दरवाजे-खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। कॉलेज कर्मियों का दावा है कि इस उपद्रव से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।

​छात्रों के गंभीर आरोप

​छात्रों ने प्रबंधन पर भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है:

  • ​सत्र की लेटलतीफी: फिजियोथेरेपी के छात्र विवेक कुमार ने बताया कि उनका सत्र दो साल पीछे चल रहा है और प्रैक्टिकल तक नहीं कराए गए हैं।
  • ​अचानक भारी फेल होना: B.Sc नर्सिंग (2024-28 बैच) के छात्र ऋषिकेश पटेल के अनुसार, हालिया प्रथम सेमेस्टर के रिजल्ट में करीब 85 प्रतिशत छात्र फेल हो गए हैं।
  • ​अतिरिक्त वसूली: छात्रों का आरोप है कि परीक्षा मैनेज करने के नाम पर अवैध वसूली की जाती है, जबकि शिक्षक पढ़ाने के बजाय सोशल मीडिया रील्स बनाने में व्यस्त रहते हैं।

​प्रशासन और प्रबंधन का रुख

​तनाव बढ़ता देख भागन बीघा, बेना और रहुई थानों की पुलिस के साथ रहुई के बीडीओ और सीओ राजकमल मौके पर पहुंचे। छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी उदिता सिंह से भी मिला।
​दूसरी ओर, कॉलेज कर्मी ममता सिन्हा ने पैसे लेकर परीक्षा मैनेज करने के आरोपों को खारिज किया है। हालांकि, प्रशासनिक मध्यस्थता के बाद यह सहमति बनी है कि फेल छात्रों को दोबारा परीक्षा का मौका दिया जाएगा और इसके लिए कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी। फिलहाल कॉलेज में एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी गई है और पुलिस बल तैनात है।