कुंदन कुमार, पटना। बिहार की राजनीति में जुबानी जंग तेज हो चुकी है। जन सुराज के प्रणेता और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर द्वारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं पर लगातार साधे जा रहे निशानों के बाद अब भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रशांत किशोर के बयानों पर तंज कसते हुए उन्हें कानूनी मोर्चे पर चुनौती दी है।

​कानूनी मामलों पर सीधा सवाल

​संजय जायसवाल ने प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने उन पर दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। इसके बावजूद, अभी तक प्रशांत किशोर या उनके वकीलों की तरफ से कोर्ट में केवल इतना ही लिखित बयान आया है कि यह एक राजनीतिक साजिश है।
​जायसवाल ने आगे कहा कि प्रशांत किशोर ने अब तक अदालत में यह स्पष्ट नहीं किया है कि उनके द्वारा लगाए गए आरोप सही हैं या गलत। आगामी पंद्रह तारीख को जब कोर्ट में इस मामले पर जिरह होगी, तब उन्हें यह साबित करना होगा कि यह राजनीतिक साजिश कैसे है। भाजपा सांसद ने चुनौती देते हुए कहा कि जब आप या आपके वकील यह तक बताने में असमर्थ हैं कि आरोप सही हैं या गलत, तो ऐसे व्यक्ति के बयानों का क्या मतलब रह जाता है।

​चीनी की बढ़ती कीमतों पर केंद्र सरकार का रुख

​देश में लगातार बढ़ रही चीनी की कीमतों के सवाल पर बोलते हुए संजय जायसवाल ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार इस गंभीर मुद्दे पर पूरी तरह से नजर बनाए हुए है। सरकार की प्राथमिकता है कि देश के किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले।
​उन्होंने बताया कि ब्राजील और अन्य देश वैश्विक स्तर पर एक संतुलन बनाने का प्रयास करते हैं, ठीक उसी तरह भारत सरकार भी संतुलन बनाए रखती है। चीनी के बढ़ते दामों को लेकर सरकार बेहद चिंतित है और अगले एक सप्ताह के भीतर इसका स्थायी समाधान निकाल लिया जाएगा। आम जनता को राहत देने के लिए सरकार की ओर से तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं।