गया/डुमरिया। गया जिले के बोधीबीघा थाना क्षेत्र के महूड़ी गांव में एक बेहद वीभत्स और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मात्र 16 कट्ठा जमीन हथियाने की हवस में एक छोटे भाई ने अपने जन्म से दिव्यांग बड़े भाई कृष्ण भगत की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी सूरजमल पाल मौके से फरार है।
जमीन बनी मौत का कारण
मृतक कृष्ण भगत और आरोपी सूरजमल पाल के पिता ने महूड़ी में मुख्य सड़क के किनारे 24 कट्ठा जमीन खरीदी थी जिसमें से 16 कट्ठा जमीन का मालिकाना हक कृष्ण भगत के पास था। चूंकि कृष्ण दिव्यांग थे और अविवाहित थे, इसलिए वह अपने छोटे भाई सूरजमल पर ही आश्रित थे। ग्रामीणों के अनुसार, कृष्ण भगत अक्सर बीमार रहते थे। उन्होंने कई बार अपने भाई से इलाज में सहयोग की बात कही थी लेकिन भाई का ध्यान केवल उनकी संपत्ति पर था।
बहनों को जमीन देने की बात से नाराज था आरोपी
सूत्रों के मुताबिक कृष्ण भगत अपनी देखभाल के लिए अपनी जमीन का कुछ हिस्सा अपनी बहनों को देने या बेचकर अपना इलाज कराने की योजना बना रहे थे। इसी बात से सूरजमल पाल आग-बबूला था। उसे डर था कि यदि जमीन का बंटवारा या बिक्री हुई तो करोड़ों की संपत्ति उसके हाथ से निकल जाएगी। मृतक की बहन मुन्नी देवी ने बताया कि सूरज अक्सर कृष्ण को जान से मारने की धमकी देता था। विवाद तब और गहरा गया जब कृष्ण ने कानूनन अपनी बहनों को भी पिता की जमीन में हिस्सा देने की बात कही।
पुलिस की मदद भी नहीं बचा सकी जान
रविवार रात करीब 8 बजे, सूरजमल ने घात लगाकर अपने दिव्यांग भाई पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ कई वार किए। सिर और शरीर के गंभीर जख्मों के कारण कृष्ण भगत खून से लथपथ हो गए। घटना की सूचना पाकर पहुंची बोधीबीघा पुलिस ने घायल कृष्ण को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। दुर्भाग्यवश घायल के पास इलाज के पैसे तक नहीं थे। पुलिस ने मानवता दिखाते हुए मौके पर ही 5000 रुपये की मदद की और ग्रामीणों ने भी चंदा इकट्ठा किया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
आरोपी की धर-पकड़ जारी
घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है। थाना प्रभारी प्रियनन्दन आलोक ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। हालांकि अभी परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए आरोपी सूरजमल की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

