भागलपुर। जिले के तिलकामांझी थाना क्षेत्र में एक बेहद ही घटना सामने आई है जहां पत्नी से छेड़खानी का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ा। आरोपितों ने साजिश के तहत टोटो चालक की चाकू गोदकर हत्या कर दी। मृतक अपने परिवार का एकमात्र सहारा था जिसकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
साजिश के तहत दिया गया घटना को अंजाम
मृतक की पत्नी के अनुसार रविवार रात लगभग 12 बजे आरोपितों ने मृतक की बड़ी मां के जरिए उसे घर से बाहर बुलाया। जैसे ही वह घर की गली में पहुंचा पहले से घात लगाकर बैठे पड़ोसियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपितों ने चाकू से युवक की जांघ पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
छेड़खानी का विरोध बना रंजिश की वजह
महिला ने बताया कि आरोपित पड़ोसी काफी समय से उनके साथ छेड़खानी कर रहे थे और आए दिन घर के आसपास मंडराते रहते थे। पति इसका लगातार विरोध करते थे और उन्हें घर आने-जाने से मना करते थे। इसी बात को लेकर आरोपितों ने रंजिश पाल ली थी और साजिश के तहत इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हमले के बाद लहूलुहान अवस्था में युवक को स्थानीय मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। सोमवार को पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। शव वापस भागलपुर लाए जाने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस जांच में जुटी
मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और टोटो चलाकर पत्नी, बुजुर्ग मां और दो बेटियों का पेट पालता था। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। तिलकामांझी थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिजनों के बयान और आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है और घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पत्नी ने सभी आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

