कुंदन कुमार, पटना। बिहार में मनचलों का आतंक खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। जमुई और समस्तीपुर के बाद अब गयाजी जिले से भी एक ऐसा ही शर्मनाक मामला आया है, जहां पहाड़ी पर घूमने गए एक युवक और युवती के साथ वहां मौजूद कुछ स्थानीय युवकों ने घेर लिया और उनके साथ मारपीट और बदसलूकी करने लगे। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अब इस मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सवाल उठाते हुए सम्राट सरकार पर निशाना साधा है।

‘PM मोदी के लिए तैयार हो रहा कंटेंट’

तेजस्वी यादव ने घटना का वीडियो वायरल करते हुए लिखा, ऐ, छोड़ो…. ऐ, छोड़ो…लड़की चिल्ला रही है, लेकिन सता संरक्षित गुंडे पीछे पड़े है। उन्होंने कहा कि, गया जिले में फिर एक लड़की के साथ दुर्व्यवहार और बदसलूकी कर वीडियो वायरल किया गया है। सम्राट चौधरी ऐसी घटनाएं करवाकर क्या चुनावों में ही बिहार घूम बिहार को ही धूमिल करने वाले प्रधानमंत्री के भाषण का कंटेंट तैयार करवा रहे है? गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने मारब सिक्सर के छ गोली छाती में गाने को लेकर राजद पर निशाना साधा था, जिसे लेकर तेजस्वी ने यह तंज कसा है।

भगवान कुशवाहा और मांझी पर साधा निशाना

तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि, अपराधियों की ‘जाति खोजो विशेषज्ञ’ भगवान कुशवाहा, जीतनराम मांझी और सम्राट चौधरी ने एक ही प्रवृति की ऐसी दर्जनों घटनाओं में केवल एक ही घटना के एक ही दोषी के साथ कथित हाफ कारवाई करवाकर उसे जातीय रंग दिया। लेकिन जैसे ही शेष सभी घटनाओं के समस्त 99.99% आरोपी इनके स्वयं की जाति अथवा अनुकूल सामाजिक समीकरण के निकले तो कोई एनकाउंटर नहीं, किसी की जाति सार्वजनिक नहीं और कोई खबर नहीं बनने दी।

उन्होंने कहा कि, ऐसे निर्लज्ज लोगों ने ईश्वर और सत्यनिष्ठा से प्रतिज्ञान कर श्रद्धापूर्वक “बिना भय-पक्षपात और राग-द्वैष के कर्तव्यों का निर्वहन” करने की शपथ ली है। लेकिन ये अपनी ही शपथ भूल, संवैधानिक दायित्वों की धज्जियां उड़ा रहे है। इन लोगों ने बेशर्मी को ही अपना श्रृंगार समझ लिया है।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: घर में अकेली रह रही मूक-बधिर महिला का नग्न शव मिलने से सनसनी, दुष्कर्म की आशंका