गया। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मल्लाह टोली (रेलवे लाइन के पास) 50 वर्षीय गूंगी देवी नामक महिला की संदिग्‍ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव उनके ही घर के फर्श पर खून से लथपथ हालत में मिला है। मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

​इस तरह हुआ खुलासा

​घटना का खुलासा गुरुवार की सुबह हुआ। पड़ोसी राजेश साव ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबह काफी देर तक जब गूंगी देवी अपने कमरे से बाहर नहीं निकलीं, तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। लोगों ने कई बार आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद जब पड़ोसियों ने हिम्मत जुटाकर दरवाजा खोला, तो उनके होश उड़ गए। मृतका का शव फर्श पर पड़ा हुआ था और उनका सिर फटा हुआ था।

​अकेली रहती थी महिला

​सूत्रों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, गूंगी देवी बोल नहीं सकती थीं। वह घर में पूरी तरह अकेली रहती थीं। करीब तीन साल पहले बीमारी के कारण उनके पति का निधन हो गया था। उनके कोई संतान भी नहीं थी। मृतका के भतीजे ने बताया कि उनकी बुआ मई महीने में अपने मायके गई थीं और वहां से लौटने के बाद इसी पुराने और तंग मकान में रह रही थीं। परिजनों का कहना है कि परिवार या किसी अन्य व्यक्ति से उनकी कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था।
​घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी अभिनव कुमार और मुफस्सिल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीमों को बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण क्लू (सबूत) जुटाए हैं जिनके आधार पर गहराई से जांच की जा रही है।

संपत्ति से जुड़े पहलुओं की भी हो रही जांच

​स्थानीय सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि मृतका के पति जुए और लॉटरी के आदी थे और उन्होंने अपने हिस्से का मकान पहले ही बेच दिया था। गूंगी देवी अपने हिस्से के दूसरे तंग और पुराने मकान में रहती थीं। वहीं, पड़ोसियों ने बताया कि बुधवार शाम करीब 7 बजे उन्होंने आखिरी बार गूंगी देवी को मछली-भात खाकर सोने जाते देखा था। हालांकि, पुलिस हर पहलू को बारीकी से खंगाल रही है और शुरुआती जांच पूरी होने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।