Bihar Police Encounter: बिहार के गयाजी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में ज्वेलरी शॉप लूटकांड के दोनों अपराधियों को गोली लगी है। पुलिस ने यह कार्रवाई हालही में हुए जिले में 45 लाख के सोने की लूट मामले में किया है। पुलिस ने इनके पास से लूटे हुए सोने के आभूषण को भी बरामद कर लिया है।

गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई

दरअसल लूटकांड के बाद पुलिस घटना में शामिल आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। इस बीच पुलिस को यह गुप्त सूचना मिली की 45 लाख के गहनों की लूट करने वाले सभी अपराधी एक स्थान पर इक्ट्ठा हुए हैं, जिसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस से खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग करना शुरू कर दी।

दोनों अपराधियों के पैर में लगी गोली

बदले में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाई। इस मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में पुलिस की गोली लग गई, जिससे घायल होकर वे वहीं पर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पुलिस की अभिरक्षा में दोनों का इलाज चल रहा है।

लूटा हुआ सोने का आभूषण बरामद

गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ में उनसे जुड़े कई और लूटकांड के मामलों का खुलासा होने की संभावना है। पुलिस ने उनके पास से लूटे गए सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं, जिनका मिलान 45 लाख के आभूषणों की लूट के दौरान हुए सामानों से किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस का अभियान अभी भी जारी है।

ये भी पढ़ें- आज क्रिकेटर आकाशदीप के घर जाएंगे CM सम्राट चौधरी, परिवार से मुलाकात कर दूल्हे को देंगे शादी की अग्रिम बधाई