Bihar crime: बिहार के गयाजी जिले में एक नाबालिग बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। पूरा मामला गुरुआ थाना क्षेत्र के बरमा गांव का है, जहां आज रविवार को शराब के पैसों को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद मौत के बाद समाप्त हुआ। आरोप है कि नाबालिग बेटे ने अपने पिता पर लोहे के औजार हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शराब के पैसों को लेकर चल रहा था विवाद

मिली जानकारी के मुताबिक, परिवार में शराब के पैसों को लेकर पिछले दो दिनों से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी ने आरोपी बेटे संदीप मांझी को देशी शराब लाने के लिए पैसे दिए थे। आरोप है कि संदीप ने शराब खरीदने के बजाय उन पैसों से खुद अंग्रेजी शराब पी ली। इसी बात को लेकर घर में विवाद का माहौल बना हुआ था।

दोपहर के समय संदीप एक निजी स्कूल की बस का पहिया बदलने का काम कर रहा था। इसी दौरान उसके माता-पिता वहां पहुंचे और उससे शराब के लिए दिए गए पैसों का हिसाब मांगने लगे। इसी बात को लेकर बेटे और मां-पिता के बीच बहस शुरू हो गई।

बहस के बाद लोहे की रॉड से हमला

स्थानीय लोगों के मुताबिक विवाद के दौरान संदीप अपना आपा खो बैठा और उसने पास में रखी बस का पहिया खोलने वाली लोहे की रॉड से अपने पिता दीपा मांझी पर हमला कर दिया। रॉड से गर्दन पर गंभीर चोट लगने के बाद दीपा मांझी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची गुरुआ थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।

पुलिस ने नाबालिग बेटे को हिरासत में लिया

पुलिस ने पिता की हत्या के आरोप में नाबालिग बेटे को हिरासत में ले लिया। वहीं, शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के संबंध में गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि, शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की पूरी वजह की जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव में भी इस वारदात को लेकर लोगों के बीच चर्चा का माहौल है।

ये भी पढ़ें- अररिया में मिट्टी का टीला धंसने से बड़ा हादसा, 4 बच्चे दबे, 2 की मौत से परिजनों में मचा कोहराम