गयाजी। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर गयाजी नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के प्रमुख छठ घाटों और तालाबों की साफ-सफाई, मरम्मत और समतलीकरण का काम कराया जा रहा है। निगम का लक्ष्य है कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए घाटों पर गंदगी हटाने से लेकर रास्तों को दुरुस्त करने तक के कार्य किए जा रहे हैं। नगर निगम शहर के दर्जनों छठ घाटों पर व्यवस्थाएं बेहतर बनाने में जुटा है। इसमें केंदुई, पितामहेश्वर, ब्राह्मणी, दिनकर, सूर्यपोखरा, सूर्यकुंड तालाब, सिंगरा स्थान, पॉलीटेक्निक, सीढ़िया, महादेव घाट और वार्ड संख्या 30 स्थित नारायणगढ़ तालाब समेत कई प्रमुख घाट शामिल हैं। इन जगहों पर सफाई के साथ जमीन को समतल किया जा रहा है, ताकि व्रती आसानी से पूजा कर सकें।

घाटों पर सफाई के साथ रास्तों की मरम्मत

छठ पूजा के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षित आवागमन और पूजा के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराना नगर निगम के सामने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसी को ध्यान में रखते हुए घाटों के आसपास जमा गंदगी हटाई जा रही है। जहां जमीन ऊबड़-खाबड़ है, वहां समतलीकरण कराया जा रहा है। साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को भी दुरुस्त किया जा रहा है। जिन घाटों पर नालों के कारण आवागमन में परेशानी होती है, वहां अस्थायी पुलिया बनाने की योजना है। इसके अलावा पूजा स्थल पर बालू बिछाई जाएगी, जिससे व्रतियों को अर्घ्य देने के लिए साफ और सुविधाजनक जगह मिल सके। भीड़ के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए रास्तों को सुरक्षित बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

व्रतियों के लिए बनेंगे चेंजिंग रूम

छठ महापर्व के दौरान व्रती नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचकर सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं। ऐसे में महिलाओं और पुरुषों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने की तैयारी है। इससे व्रतियों को पूजा के दौरान कपड़े बदलने में सुविधा मिलेगी।

रोशनी, पानी और स्वच्छता पर भी जोर

नगर निगम की ओर से घाटों पर रोशनी और जलापूर्ति की व्यवस्था बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। छठ पूजा के दौरान सुबह और शाम अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में पर्याप्त रोशनी और साफ-सफाई की व्यवस्था जरूरी है।